गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल
पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल-बेहाल है। दोपहर के समय तो गर्म हवाओं के चलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जागरण संवाददाता, कैथल : पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी के कारण लोगों का हाल-बेहाल है। दोपहर के समय तो गर्म हवाओं के चलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्मी से बचाव को लेकर लोग ठंडे पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। जिस कारण अब ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। इस मौसम ने किसानों की भी चिता बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी ऐसे ही जारी रहेगी। हालांकि 19 और 20 जून को बरसात होने की संभावना है। जिला के विभिन्न क्षेत्रों में दोपहर से शाम तक धरती से आग बरस रही है। तापमान अधिकतम स्तर पर रहने के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल है। उमस अधिक होने के कारण रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल पाती है।
कृषि वैज्ञानिक डा. रमेश चंद वर्मा ने बताया कि अभी अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। जबकि 19 और 20 जून को बरसात होने के आसार है। यदि बरसात होती है तो धान रोपाई के कार्य में तेजी आएगी।