सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए 30 सितंबर तक भरें आवेदन
डीसी सुजान सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए 30 सितंबर 2020 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभिन्न आपदाएं हमारे जीवन आजीविका और संपत्ति को प्रभावित करती हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : डीसी सुजान सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए 30 सितंबर 2020 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभिन्न आपदाएं हमारे जीवन, आजीविका और संपत्ति को प्रभावित करती हैं।
आपदा के बाद हमारे समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ आते हैं और आपदाओं से प्रभावित लोगों की पीड़ा को कम करने की दिशा में काम करते हैं। ऐसे व्यक्तियों और संगठनों के प्रयासों को पहचानने की आवश्यकता है जो आपदाओं में मानव पीड़ा को कम करने के लिए निष्ठापूर्वक काम कर रहे हैं। सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने के लिए वार्षिक पुरस्कार की स्थापना की है। इसे सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के नाम से जाना जाता है।
डीसी सुजान सिंह ने बताया कि सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के तहत विजेता संस्था को प्रमाण-पत्र सहित 51 लाख रुपये और विजेता व्यक्ति को प्रमाण-पत्र सहित पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इस पुरस्कार के लिए पात्रता निर्धारित की गई है, जिसके तहत केवल भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। संस्थागत पुरस्कारों के लिए, स्वैच्छिक संगठन, कॉर्पोरेट संस्थाएं, शैक्षणिक, अनुसंधान संस्थान या कोई अन्य संस्थान पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए कुछ मानदंड तय किए गए हैं, जिसमें आवेदक ने भारत में आपदा प्रबंधन, रोकथाम, शमन, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान, नवाचार या प्रारंभिक चेतावनी संबंधित कार्य जैसे क्षेत्र में काम किया हो।