6.5 करोड़ से पटरी पर आएगा शहर का विकास
नगर परिषद की ओर से साढ़े छह करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर रिकॉल किए गए हैं। लगभग सभी वार्डों के करीब 99 टेंडर हैं जो कि 27 फरवरी को खोले जाएंगे। इससे पहले ये टेंडर दो बार लग चुके थे लेकिन हर बार तकनीकी कारणों से इन्हें रद करना पड़ा था।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से साढ़े छह करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर रिकॉल किए गए हैं। लगभग सभी वार्डों के करीब 99 टेंडर हैं जो कि 27 फरवरी को खोले जाएंगे। इससे पहले ये टेंडर दो बार लग चुके थे, लेकिन हर बार तकनीकी कारणों से इन्हें रद करना पड़ा था।
अब बुधवार को दोबारा से टेंडर रिकॉल कर दिए गए हैं। 27 फरवरी को टेंडर खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद वर्क आर्डर जारी करने के बाद काम शुरू हो पाएगा। इसमें वार्डों की नई सड़कें, गलियां, नालियां व अन्य काम शामिल किए गए हैं।
पिछले दिनों विकास कार्यों में भेदभाव को लेकर शहर के करीब दस पार्षदों ने नगर परिषद कार्यालय में धरना भी दिया था। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया था। पार्षदों का आरोप था कि नप अधिकारी बार-बार टेंडर लगाकर उन्हें रद कर रहे हैं, जिससे शहर का विकास रूक गया है। भाजपा समर्थित पार्षदों ने यह भी कहा था कि उनके वार्ड में टेंडर नहीं लगाए जा रहे हैं। अब सभी वार्डों के टेंडर लगाए गए हैं और बचे हुए पार्षदों से भी विकास कार्यों की सूची मांगी जा रही है।
बॉक्स
सिटी स्क्वेयर मामले की जांच लगभग पूरी
सिटी स्क्वेयर निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। एडीसी की अध्यक्षता में बनाई गई तीन सदस्यों की जांच कमेटी अपनी जांच लगभग पूरी कर चुकी है। कमेटी के सदस्य मामले से संबंधित नगर परिषद अधिकारियों के बयान दर्ज कर चुकी है। इसके अलावा निर्माण कार्य स्थल का दौरा भी टीम के सदस्य कर चुके हैं। इस मामले को लेकर भी पार्षदों ने धरना दिया है। पार्षद आरोपित अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। एडीसी जल्द ही मामले की पूरी रिपोर्ट डीसी को भेज देंगे, जिसके बाद ही मामले में कोई निर्णय लिया जा सकता है।
बॉक्स : 27 फरवरी को खोले जाएंगे टेंडर
नगर परिषद चेयरपर्सन सीमा कश्यप ने बताया कि करीब साढ़े छह करोड़ रुपये के 99 टेंडर रिकॉल कर दिए गए हैं। 27 फरवरी को टेंडर खोल दिए जाएंगे, जिसके बाद जल्द ही वार्डों में विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।