जल्द शुरू होगा विद्युत चलित श्मशान घाट का निर्माण कार्य
नगर परिषद की ओर से जल्द ही शहर में बनने वाले पहले विद्युत चलित शमशान घाट का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है। निर्माण के लिए अंबाला की राधिका निर्माण एजेंसी को टेंडर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से जल्द ही शहर में बनने वाले पहले विद्युत चलित शमशान घाट का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है। निर्माण के लिए अंबाला की राधिका निर्माण एजेंसी को टेंडर दिया गया है। नप की ओर से एजेंसी को काम करने के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया जाना है। सभी कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। इसके निर्माण कार्य पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर में नप की ओर से जगह का चयन किया गया था और डायरेक्टर कार्यालय की ओर से टेंडर लगाया गया था। कोरोना महामारी की आपात स्थिति से निपटने के लिए यह फैसला लिया गया था। पर्यावरण बचाने में भी यह कारगर होगा और लकड़ी का प्रयोग भी कम हो जाएगा। शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से पूरे हरियाणा में ऐसे श्मशान घाट बनाए जाएंगे। नगर परिषद और जिले की सभी चार नगर पालिकाओं ने इसका निर्माण कार्य किया जाना है। डोगरा गेट पर बने कल्याण शमशान भूमि का निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद इसे फाइनल कर दिया गया था।
पर्यावरण के लिए लाभदायक
कल्याण शमशान भूमि के केयर टेकर यशपाल प्रजापति ने बताया कि श्मशान भूमि में जगह पर्याप्त मात्रा में हैं। विद्युत चलित शमशान घाट शहर के लिए अच्छा प्रोजेक्ट है। लकड़ी का प्रयोग कम होगा जो पर्यावरण के लिए भी लाभदायक है। उम्मीद है जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
वर्जन : वर्क ऑर्डर तैयार किया जा चुका है
नगर परिषद के एक्सईएन हिमांशु लाटका ने बताया कि अंबाला की एजेंसी को निर्माण कार्य का टेंडर अलाट किया गया है। वर्क ऑर्डर तैयार किया जा चुका है। जल्द ही एजेंसी को वर्क ऑर्डर दिया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जिले में पांच विद्युत चलित शमशान घाट बनाए जाएंगे। एक शमशान घाट पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कोरोना की आपात स्थिति और पर्यावरण बचाने को लेकर शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से यह कदम उठाया जा रहा है।