कैथल जिले से कांग्रेस का सफाया दिग्गज खाता भी नहीं खोल पाए
जिले से इस बार कांग्रेस पार्टी का पूरी तरह से सफाया हो गया है। कांग्रेस पार्टी जिले से एक भी सीट नहीं जीत पाई। हालांकि सभी चारों सीटों पर कांग्रेस पार्टी दूसरे स्थान पर रही।
सुनील जांगड़ा, कैथल : जिले से इस बार कांग्रेस पार्टी का पूरी तरह से सफाया हो गया है। कांग्रेस पार्टी जिले से एक भी सीट नहीं जीत पाई। हालांकि सभी चारों सीटों पर कांग्रेस पार्टी दूसरे स्थान पर रही।
चार सीटों में से कांग्रेस के दिग्गज नेता कैथल से रणदीप सिंह सुरजेवाला, कलायत से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश, पूंडरी से सतबीर भाणा व गुहला से दिल्लूराम को हार का सामना करना पड़ा। 15 सालों से कैथल सीट पर सुरजेवाला का राज था, जिसे भाजपा उम्मीदवार लीला राम ने खत्म कर दिया है। लीला राम कैथल में पहली बार कमल खिलाने में कामयाब रहे। लीला राम ने सुरजेवाला को 1570 वोटों से हराया।
2014 में कलायत से विधायक रहे जयप्रकाश को भाजपा की उम्मीदवार कमलेश ढांडा ने 9055 वोटों से हराया। पूंडरी सीट से आजाद उम्मीदवार रणधीर गोलन ने कांग्रेस उम्मीदवार सतबीर भाणा को 12824 वोटों से हराया।
इस प्रकार से रहा उम्मीदवारों
को मिली वोटों का ब्योरा
कैथल विधानसभा सीट से भाजपा के लीला राम गुर्जर को 72367 वोट मिले। कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला को 70797 वोट मिले। जजपा से रामफल को 6354 वोट मिले। सर्वहित पार्टी से जसबीर तंवर को 2242 वोट मिले। कलायत सीट से भाजपा उम्मीदवार कमलेश ढांडा ने 53554 हासिल किए। कांग्रेस से जयप्रकाश ने 44498 वोट हासिल किए। जजपा से सतविद्र राणा ने 37396 वोट हासिल किए। पूंडरी विधानसभा से आजाद उम्मीदवार रणधीर गोलन को 41008 वोट मिले। कांग्रेस के सतबीर भाणा को 28184 वोट मिले। भाजपा के वेदपाल को 20990 वोट व आजाद उम्मीदवार दिनेश कौशिक को 16142 वोट मिले। गुहला विधानसभा से जजपा के ईश्वर सिंह को 36204 वोट मिले। कांग्रेस के दिल्लूराम को 31754 वोट मिले। आजाद उम्मीदवार देवेंद्र हंस को 29385 वोट व भाजपा के उम्मीदवार रवि तारांवली को 25104 वोट मिले।