कांग्रेस नेताओं ने हार को कबूला,लीलाराम बोले-यह जनता की जीत
जिले की चारों विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। जीत दर्ज करने वाले भाजपा नेताओं ने इसे जनता की जीत बताया है। वहीं हार का सामना करने वाले कांग्रेस उम्मीदवारों ने हार को कबूल कर लिया है। कैथल सीट से जीत दर्ज करने वाले लीला राम गुर्जर ने कहा कि यह जनता की जीत है।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिले की चारों विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। जीत दर्ज करने वाले भाजपा नेताओं ने इसे जनता की जीत बताया है। वहीं हार का सामना करने वाले कांग्रेस उम्मीदवारों ने हार को कबूल कर लिया है। कैथल सीट से जीत दर्ज करने वाले लीला राम गुर्जर ने कहा कि यह जनता की जीत है। कैथल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों पर मोहर लगाने का काम किया है। शहर में विकास को लेकर नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
विधानसभा क्षेत्र कैथल से हारे रणदीप सिंह सुरजेवाला मतगणना पूर्ण होने के बाद बाहर आ आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए सबसे पहले भाजपा की टिकट पर विधायक बने लीला राम को जीत की बधाई दी। कहा कि कैथल की जनता ने जो फैसला दिया है वह उन्हें सिर झुका कर कबूल है। मुझे नहीं लगता कि मतगणना में किसी प्रकार का कोई साजिश था। अब लीलाराम विधायक बने हैं उनसे यही उम्मीद है कि वे शहर का विकास करवाएंगे। कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
कलायत की जनता ने दिया साथ
कलायत सीट से जीत दर्ज करने वाली भाजपा उम्मीदवार कमलेश ढांडा ने कहा कि यह कलायत की जनता की जीत है। जनता ने उन्हें सहयोग दिया जिस कारण उन्हें जीत हासिल हुई है। उनकी जीत का मुख्य कारण भाजपा व मुख्यमंत्री की कल्याणकारी नीतियां भी रही हैं। कलायत का संपूर्ण विकास करवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। जो भी मुख्य समस्याएं हैं सबसे पहले उनका समाधान करवाया जाएगा। लोगों ने भाजपा की नीतियों पर मोहर लगाई है। यहां से विधायक बनने के बाद क्षेत्र के हर वार्ड व गांव में विकास करवाना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
कलायत हलके से इस चुनाव में हार का सामना करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश ने कहा कि जनता के हाथ में असली ताकत होती है। कुछ कमियां रहीं होगी जिस कारण जनता ने उन्हें इस बार विधायक नहीं बनाया। हार के क्या कारण रहे उन पर चर्चा की जाएगी। वे जनता के इस फैसले को स्वीकार करते हैं।