दोपहर के समय आसमान में छाए बादल, मौसम हुआ सुहावना
पिछले तीन दिनों से मौसम बदल रहा है। इस दौरान आसमान में सुबह और दोपहर के समय आसमान में बादल छा रहे हैं। कभी तेज धूप निकल आती तो कभी उमस से लोगों को परेशानी होती है।
जागरण संवाददाता, कैथल : पिछले तीन दिनों से मौसम बदल रहा है। इस दौरान आसमान में सुबह और दोपहर के समय आसमान में बादल छा रहे हैं। कभी तेज धूप निकल आती तो कभी उमस से लोगों को परेशानी होती है। पिछले तीन दिनों से तेज हवाएं चलने और आसमान में बादल छाने से मौसम सुहावना हो रहा है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मंगलवार को भी दोपहर के समय तेज हवाएं और आसमान में बादल छाने से मौसम ठंडा हो गया। सुबह से तेज धूप थी, लेकिन दोपहर तीन बजे के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छाने लगे। हालांकि इस दौरान बरसात नहीं हुई।मौसम विभाग के अनुसार अभी 14 मई तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना बनी रहेगी।
दोपहर बाद आसमान
में छाए बादल
कृषि विज्ञान केंद्र कैथल के विज्ञानी डा. रमेश चंद वर्मा ने बताया कि मंगलवार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए। इस मौसम में इस समय खेतों में किसानों को कोई नुकसान नहीं है। डा.वर्मा ने बताया कि जिले में 13 और 14 मई को तेज बरसात होने का अनुमान है।
बरसात के साथ हुई ओलावृष्टि
संस, गुहला-चीका : चीका में शाम करीब चार बजे के करीब गहरे बादल छाने के साथ बरसात हुई। इस दौरान कुछ देर तक ओलावृष्टि भी हुई। जिस कारण आसपास के क्षेत्र में ठंडी हवा चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। लोगों का कहना है कि जो मई माह में बरसात किसानों के लिए वरदान से कम नहीं है। इससे जमीन में पानी खड़ा होने से खेतों की उपजाऊ शक्ति बढ़ेगी और धान की फसल लगाने में सहायता मिलेगी। किसानों ने कहा कि यदि इसी प्रकार का मौसम चलता रहा तो शीघ्र ही किसान धान की रोपाई शुरू कर देंगे।