नगर परिषद ने खोले मुख्यमंत्री घोषणा और डी प्लान के तहत होने वाले विकास के टेंडर
नगर परिषद की तरफ से जनवरी के पहले सप्ताह में शहर में विकास कार्य करवाने के लिए टेंडर लगाए गए थे। सभी टेंडर खोल दिए गए हैं और वर्क आर्डर तैयार किए जा रहे हैं। शहर में सीएम घोषणा डी प्लान और पार्कों पर खर्च के लिए पांच करोड़ 81 लाख के टेंडर लगाए गए थे।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की तरफ से जनवरी के पहले सप्ताह में शहर में विकास कार्य करवाने के लिए टेंडर लगाए गए थे। सभी टेंडर खोल दिए गए हैं और वर्क आर्डर तैयार किए जा रहे हैं। शहर में सीएम घोषणा, डी प्लान और पार्कों पर खर्च के लिए पांच करोड़ 81 लाख के टेंडर लगाए गए थे। इस राशि से शहर के वार्डों में गलियां, नालियां, धर्मशाला, आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य किया जाएगा। लंबे समय से शहर के लोग विकास कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अब जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद हो गई है। शहर के सभी पार्कों की देखरेख के करीब 73 लाख के टेंडर लगाए गए थे, जो अब खुल चुके हैं। करीब तीन महीनों से दोनों पार्कों की देखरेख का ठेका खत्म हो गया था। ऐसे में बिना देखभाल के पार्क बदहाल हो चुके हैं। यहां काम करने वाले करीब 30 कर्मचारी बेरोजगार हैं। अब वर्क आर्डर मिलने के बाद देखरेख का कार्य शुरू हो जाएगा। बता दें कि इनमें सीएम घोषणा के लिए तीन करोड़ 99 लाख रुपये, डी प्लान के एक करोड़ नौ लाख रुपये और सभी पार्कों के लिए करीब 73 लाख रुपये के टेंडर लगाए हैं।
ये खोले गए हैं टेंडर डी प्लान के तहत वार्ड नंबर 19 में शेरगढ़ रोड जींद बाइपास के पास 21.30 लाख से गली का निर्माण। वार्ड तीन में 24.90 लाख से कश्यप धर्मशाला का निर्माण। वार्ड दो में 17.80 लाख रुपये से धीमान धर्मशाला निर्माण। वार्ड पांच में 17.28 लाख रुपये से रविदास धर्मशाला निर्माण। गीता भवन मंदिर से सिटी थाना तक रास्ता 15 लाख रुपये। प्रताप गेट पर आंगनबाड़ी केंद्र 12.96 लाख रुपये। इसी तरह सीएम घोषणा के तहत वार्ड नंबर 11 में 74 लाख रुपये की लागत से ढांड रोड से डेरा अंबरसरिया सड़क निर्माण। वार्ड 12 में 75 लाख रुपये की लागत से जनकपुरी, मायापुरी और आंबेडकर नगर में गलियों का निर्माण। कुरुक्षेत्र रोड से क्योड़क माइनर तक सड़क निर्माण एक करोड़ 85 लाख रुपये। इसी तरह जवाहर और चिल्ड्रन पार्क की देखरेख का 45.69 लाख रुपये का टेंडर। माडल टाउन एरिया के पार्कों के लिए चार लाख का टेंडर। सेक्टर-19 और 20 के सभी पार्कों की देखरेख के लिए 11.85 लाख रुपये का टेंडर। नगर परिषद एरिया में आने वाले सभी पार्कों की देखरेख के लिए 12.28 लाख रुपये के टेंडर खोले गए हैं।
---
विकास कार्यो और पार्को की देखरेख के लिए लगाए गए करीब छह करोड़ के टेंडर खोल दिए गए हैं। इन कार्यों के वर्क आर्डर तैयार किए जा रहे हैं। नियमानुसार संबंधित एजेंसी और ठेकेदार को वर्क आर्डर दे दिए जाएंगे।
-
हिमांशु लाटका, एक्सईएन, नगर परिषद