मंडी में धान की तुलाई में धांधली के आरोप भाकियू ने एसडीएम को शिकायत सौंपी
भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने कैथल मंडी में धान की तुलाई में धांधली के आरोप लगाते हुए एसडीएम संजय कुमार को शिकायत दी है।
जागरण संवाददाता, कैथल: भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने कैथल मंडी में धान की तुलाई में धांधली के आरोप लगाते हुए एसडीएम संजय कुमार को शिकायत दी है। किसानों का कहना है कि मंडी में मनोज कुमार सांघन अपनी धान की फसल को लेकर आया था, उसकी धान में 16.5 प्रतिशत की नमी थी। उसके बाद भी धान की तुलाई करते समय फसल 300 ग्राम की कटौती कर ली गई। सरकार की तरफ से पीआर धान की फसल का रेट 1888 रुपये निर्धारित किया हुआ है। अगर किसान की फसल में 17 प्रतिशत नमी है, तो उसे 1888 ही खरीदा जाएगा। इसके बाद भी औने-पौने दामों में फसल को खरीदा जा रहा है।
किसानों की फसल की कई-कई दिन खरीदारी नहीं होती है। फसल को एक दिन पहले खरीदा जाता है। उसकी तुलाई अगले दिन होती है। प्रशासन से मांग करते हैं कि धान की खरीदारी करने वाले सभी व्यापारियों की जांच होनी चाहिए। जिसने इस फसल को खरीदा है। उसके खिलाफ कानून कार्रवाई हो। किसान मनोज कुमार का कहना था कि हमारा तो समझौता हो चुका है। अब ऐसा कोई मामला नहीं है। एसडीएम ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।