पंतनगर में नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं, कालोनीवासी परेशान
पंतनगर कालोनी वासियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही है।
जागरण संवाददाता, कैथल: पंतनगर कालोनी वासियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। यहां पर सीवरेज के ओवरफ्लो होने की विकट समस्या है। सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी प्लांटों के पास जमा रहता है। इससे पीलिया, डायरिया, मलेरिया जैसी बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कालोनी वासी मनजीत, सन्नो व रवि का कहना है कि कई बार नगरपरिषद में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। कालोनी में जगह- जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। गलियां कच्ची पड़ी है। गलियों से निकलना मुश्किल भरा रहता है। सीवरेज के लीकेज होने के कारण यहां पर स्थित मकानों के गिरने का भय भी बना हुआ है। कालोनीवासियों का कहना है कि कई बार नगरपरिषद के अधिकारियों से मूलभूत सुविधाओं की मांग कर चुके है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। प्रशासन से कालोनीवासियों ने मांग की है कि मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाए ताकि कालोनीवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कालोनी में गलियां है कच्ची: मपड़ सिंह
कालोनीवासी मपड़ ने बताया कि कालोनी की लगभग गलियां कच्ची पड़ी है। इन गलियों से निकलना मुश्किल भरा रहता है। बरसात के समय वाहन नहीं निकल सकते है। जगह- जगह गलियों में गहरे गड्ढे बने हुए है। प्रशासन को गलियों को पक्का करवाना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। सीवरेज की सफाई नहीं हो रही है। गंदा पानी मकानों के आगे एकत्रित रहता है। बदबू फैल रही है। बीमार होने का भी खतरा है। सीवरेज सफाई समय पर हो।
स्ट्रीट लाइटों का नहीं है प्रबंध: सुनील देवी
कालोनीवासी सुनील देवी ने बताया कि कालोनी में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। चोरी होने का भय रहता है। स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाए, ताकि अंधेरा से कालोनी वासियों को छुटकारा मिले। वहीं महिलाओं के सैर करने के लिए पार्क का प्रबंध किया जाना चाहिए।सुबह व शाम को सैर करने के लिए महिलाओं के लिए स्पेशल पार्क का निर्माण करवाना चाहिए ताकि घूम फिर कर स्वास्थ्य अच्छा रहे। कम्यूनिटी हाल का निर्माण किया जाना चाहिए ताकि पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इधर- उधर न जाना पड़े।
बेसहारा पशुओं का लगा रहता है जमावड़ा: महेंद्र
कालोनी वासी महेंद्र ने बताया कि कालोनी में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। बेसहारा पशु गलियों के बीच में बैठे रहते हैं। रात के समय वाहन चालकों को बेसहारा पशु दिखाई नहीं देते। हादसे होने का खतरा बना रहता है। बेसहारा पशुओं से छुटकारा दिलाया जाए ताकि कालोनी में कोई अप्रिय घटना न घटे। सफाई कर्मचारी कालोनी में लगाएं जाए ताकि सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से हो। पीने का गंदा पानी मिल रहा है। साफ पानी नहीं मिलता है। इससे बीमार होने का खतरा रहता है।
वार्ड नंबर 11 के पार्षद हरजेंद्र ने बताया कि मूलभूत सुविधाओं की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। जो मांगें आ रही है, उन पर काम कर रहे हैं। कालोनी वासियों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।