प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ी, जनता भयभीत : रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शहर में हुए दोहरे हत्याकांड आढ़ती सत्यवान गोयल और उनकी पत्नी कैलाश देवी के हत्यारोपियों को गिरफ्तारी की मांग पर पैदल मार्च निकाला। यह पैदल मार्च हरियाणा शहीद स्मारक से शुरू होकर लघु सचिवालय पर खत्म हुआ।
कैथल (वि): कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शहर में हुए दोहरे हत्याकांड आढ़ती सत्यवान गोयल और उनकी पत्नी कैलाश देवी के हत्यारोपियों को गिरफ्तारी की मांग पर पैदल मार्च निकाला। यह पैदल मार्च हरियाणा शहीद स्मारक से शुरू होकर लघु सचिवालय पर खत्म हुआ। इस दौरान तहसीलदार सुदेश मेहरा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पिछले सात सालों से प्रदेश व पूरे जिले में आपराधिक तत्व हावी है। सुरजेवाला ने कहा कि बदमाश बेखौफ हैं, जनता भयभीत है और सरकार सत्ता के नशे में सोई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। सुरजेवाला ने कहा कि वर्ष 2015 में भी दोपहर के समय नई अनाज मंडी में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश ने आढ़ती मनीष को गोली मारकर हत्या कर दी थी। परंतु आज तक इस हत्याकांड में भी आरोपित का पता नहीं चला। इसी प्रकार से 2017 में गांव करोड़ा के विकास की हत्या हुई। पांच साल बाद भी तक कोई सुराग नहीं लगा। यह सरकार की विफलता का ही एक परिणाम है।
इस मौके पर सुदीप सुरजेवाला, सतबीर भाणा, मृतक आढ़ती सत्यवान के पुत्र पुनीत गोयल, रामनिवास मित्तल, सुरेश रोड़, अश्विनी शोरेवाला, अनाज मंडी प्रधान श्याम लाल, राजेश अंबरसर, सुरेश चौधरी, सुभाष बैनीवाल, सुरेंद्र रांझा, राजू बैनीवाल, सुभाष गोयल, धर्मपाल जिदल, जयकिशन मान, रमेश कठवाड, मोहन लाल गुप्ता, दीक्षित गर्ग, राजेंद्र शर्मा बलवंती मौजूद थे।
कांग्रेस राज में हुई हत्याओं के बारे में भी जवाब दें सुरजेवाला : लीला राम
कैथल (वि): कैथल के विधायक लीला राम ने आढ़ती सत्यवान और उनकी पत्नी कैलाश की हत्या के विरोध में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला के नेतृत्व में शहर में किए गए प्रदर्शन पर टिप्पणी की है। लीला राम ने कहा कि सुरजेवाला कांग्रेस राज में हुए हत्याओं के बारे में भी लोगों को जानकारी देने का कष्ट करें। कांग्रेस राज में कई ऐसी हत्याएं हुई थी, जिनमें हत्यारे आज तक भी नहीं पकड़े गए हैं। लीला राम ने कहा कि सुरजेवाला को कैथल के लोग से माफी मांगनी चाहिए कि उनके राज में कोई भी हत्यारा पकड़ा नहीं गया था। सुरजेवाला को भाजपा सरकार का धन्यवाद करना चाहिए कि एक सप्ताह के अंदर ही आढ़ती दंपती के हत्यारों को पकड़ने का काम किया है। लीलाराम ने कहा कि कैथल पुलिस अच्छी प्रकार से काम कर रही है। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा एसपी लोकेंद्र सिंह की सराहना की। कहा कि पुलिस ने दिन रात मेहनत करके जघन्य अपराध करने वाले हत्यारे को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि आढती और व्यापारियों को डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा और प्रशासन उनके साथ खड़ा है।