कृषि कानूनों के विरोध सर्व कर्मचारी संघ ने किया प्रदर्शन
सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों ने तीन कृषि कानूनों के विरोध शहर में प्रदर्शन किया। अध्यक्षता जिला प्रधान जरनैल सिंह ने की।
जागरण संवाददाता, कैथल : सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों ने तीन कृषि कानूनों के विरोध शहर में प्रदर्शन किया। अध्यक्षता जिला प्रधान जरनैल सिंह ने की। जिला सचिव रामपाल शर्मा ने बताया कि भवन निर्माण, फायर बिग्रेड, वन विभाग, नगरपालिका, बिजली, सिचाई विभाग, रोडवेज, पब्लिक हेल्थ, पटवार भवन व पर्यटन विभाग के कर्मचारियों ने तीनों कृषि कानून को रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे है। किसानों के समर्थन में दो जनवरी को जिले के सभी विधायकों के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ की केंद्रीय कमेटी सदस्य शिवचरण, जिला वरिष्ठ उपप्रधान जसबीर सिंह व जिला सहसचिव ओमपाल उपस्थित थे।
कार्यस्थलों पर आशा वर्करों ने जताया रोष
जागरण संवाददाता, कैथल: आशा वर्कर्स यूनियन की सदस्यों ने जिले भर में अपने-अपने कार्यस्थलों पर मांगों को लेकर रोष जताया। यूनियन की जिला प्रधान सुषमा जड़ौला ने कहा कि सरकार के रवैये के खिलाफ वे किसान आंदोलन का भी समर्थन करते हैं। दो जनवरी को भाजपा विधायकों के निवास पर प्रदर्शन किया जाएगा। सुषमा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें कोई सुविधा नहीं दी जाती। यहां तक कि जो सर्वे करवाए जाते हैं, उनके लिए न तो अलग से कोई मेहनताना दिया जाता है और न ही समुचित प्रशिक्षण।
कोरोना काल में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बिना किसी सुरक्षा के सर्वे किए, लेकिन सरकार ने उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वह भी परिवार वाली महिलाएं हैं। संक्रमण का खतरा उन्हें भी था, लेकिन न विभाग न उनकी चिता की और न ही सरकार ने। उन्होंने कहा कि सरकार लंबे समय से आशा वर्करों की कई महत्वपूर्ण मांगों को लंबित किए जा रही है।