कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किया अनाज मंडी का दौरा, धान खरीद को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल शुक्रवार सुबह एकाएक कैथल की नई अनाज मंडी पहुंचे और धान सीजन को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में किसानों को धान की फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए और किसानों को हर प्रकार की सुविधा मंडी में उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करें।
कैथल (वि): प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल शुक्रवार सुबह एकाएक कैथल की नई अनाज मंडी पहुंचे और धान सीजन को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में किसानों को धान की फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए और किसानों को हर प्रकार की सुविधा मंडी में उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करें। जिला के प्रशासनिक अधिकारी धान खरीद के दौरान समय-समय पर मंडी का निरीक्षण करते रहें। संबंधित अधिकारी मंडी में पूर्ण सफाई व्यवस्था करवाएं।
इस दौरान उन्होंने धान की सुव्यवस्थित तरीके से फसल खरीद व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला की मंडियों से संबंधित संभावित समस्याओं के बारे में फीडबैक ली। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों के लिए कैंटीन, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, बिजली व अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। किसी भी किसान को मंडी में धान बेचने के समय कोई भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सभी अधिकारी जिम्मेदारी से अलर्ट होकर कार्य करें। यदि मंडी में अभी भी किसी भी प्रकार कोई कमी है तो वह समय पर दूर करें।
धान की खरीद समय पर करें
उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां धान की खरीद भी समय पर करें और किसी भी प्रकार की धान उठान में देरी नहीं होनी चाहिए। यदि मंडी में लाइटें खराब हैं, उन्हें तुरंत बदलना सुनिश्चित करें तथा जहां लाइटों की आवश्यकता हैं वहां पर नई लाइटों का प्रबंध करवाएं। उन्होंने कहा कि बारदाना मंडियों में पहुंच गया है, साथ- साथ बारदाना मंडियों में पहुंचता रहेगा। धान उठान में भी लिफ्टिग की समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस वर्ष किसान को अनाज मंडी से व अनाज मंडियों को राइस मिलरों से जोड़ा गया है। किसानों की पेमेंट भी साथ- साथ खातों में डाली जाएगी।
इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार, कृषि एवं कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. कर्मचंद, मार्केट कमेटी सचिव सतवीर राविश, रामफल व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समय पर नहीं मिलती मजदूरी : मजदूर
मजदूरों ने मंत्री से कहा कि समय पर मजदूरी नहीं मिल पाती है। मजदूरों को परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए समय पर मजदूरों की मजदूरी दिलवाई जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। मंत्री ने कहा कि इस बार मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। साथ-साथ मजदूरी के पैसे डाले जाएंगे। जेपी दलाल ने अधिकारियों से कहा-यह भी इंसान हैं। इनके बिना मंडी नहीं चल सकती। मंडी में इनके बैठने और आराम करने की व्यवस्था होनी चाहिए।