मास्क नहीं लगाने पर 7033 लोगों का चालान: डीसी
कोरोना संक्रमण के चलते प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
जागरण संवाददाता, कैथल: डीसी सुजान सिंह ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अब तक मास्क न लगाने वाले सात हजार 33 लोगों के चालान करके 35 लाख 16 हजार 500 की राशि वसूल की गई। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति इसका उल्लंघन करता है तो संबंधित व्यक्ति को 500 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
सुजान सिंह ने बताया कि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आमजन का सहयोग काफी आवश्यक है। बिना कार्य के घरों से बाहर नही निकलें। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें। इसके अलावा हमें सतर्क रहते हुए बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन को उपलब्ध करवानी है ताकि समय पर उनका स्वास्थ्य चेकअप करवाया जा सके। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर भी पाबंदी है। आरोग्य सेतु एप के माध्यम से कोरोना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती है। सभी व्यक्तियों को इस एप को डाउनलोड करना चाहिए। जिला में अब तक एक लाख 23 हजार 560 व्यक्तियों ने आरोग्य सेतु एप का डाउनलोड किया है।