प्रदेश सरकार में नहीं होने दी जाएगी महिलाओं की अनदेखी : नैना चौटाला
बाढ़ड़ा से विधायक नैना चौटाला शनिवार को जेजेपी जिला कार्यालय में पहुंची और महिलाओं की समस्याएं सुनी।
जागरण संवाददाता, जींद : बाढ़ड़ा से विधायक नैना चौटाला शनिवार को जेजेपी जिला कार्यालय में पहुंची और महिलाओं की समस्याएं सुनी। जिला प्रधान उर्मिला मलिक की अध्यक्षता में हुई मीटिग में महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण ने भी शिरकत की। इस बैठक में हलका, जिला व प्रदेश स्तर की महिलाओं ने शामिल होकर अपनी समस्याओं को विधायक नैना सिंह चौटाला को सुनाई। नैना सिंह चौटाला ने कहा कि वह हर महीने के अंतिम रविवार को महिलाओं की समस्याएं सुनने के लिए जींद पार्टी कार्यालय में बैठक लेंगी। नैना चौटाला ने जिले की महिलाओं को 13 मार्च को डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर ईसराना में होने वाली रैली का भी निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की कड़ी मेहनत के कारण ही आज प्रदेश सरकार में जजपा की हिस्सेदारी है। प्रदेश में पूर्ण रूप से जजपा की सरकार लाने के लिए महिलाओं को भविष्य में और भी अधिक मेहनत करनी है। महिलाओं की प्रदेश सरकार में होने वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जो हिस्सेदारी है। उसमें किसी भी कार्यकतर की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। खासकर महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करवाने के लिए वह सदैव आगे खड़ी मिलेगी। इस अवसर पर राजेंद्र लितानी, कृष्ण राठी, विधायक अमरजीत ढांडा, पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, जिला प्रेस प्रवक्ता कुलदीप रंधावा, जिला पार्टी कार्यालय सचिव गुरदीप सांगवान, किताबो देवी, इंद्रावती सिक्कम देवी, सुनीता ढुल, मुकेश डूमरखां, सरोज देवी, शकुंतला देवी, पदमा सिगला, गुड्डी, सुशीला मलिक, राजन ईक्कस, शीला चहल, मूर्ति देवी, राजबाला, अनिल कुंडू मौजूद रहे।