खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए जींद पहुंची मशाल यात्रा का रानी तालाब पर स्वागत
आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में शुक्रवार देर शाम खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में मुख्यातिथि भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा रहे।
जागरण संवाददाता, जींद: आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में शुक्रवार देर शाम खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में मुख्यातिथि भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा रहे। उन्होंने कहा कि खेल नीति के कारण हरियाणा दूसरे प्रदेशों से अग्रणी हो गया है। आज हरियाणा के ओलिपिक में गोल्ड मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को छह करोड़ रुपये की राशि व ए ग्रेड की नौकरी दी जा रही है।
विधायक ने कहा कि हरियाणा राज्य आज विश्व में खेलों के नाम से जाना जाता है। अब की बार खेलो इंडिया की मेजबानी हरियाणा को सौंपी है। जिले से जिन भी खिलाड़ियों ने भाग लिया है, उनके लिए शुभकामना। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में खेल व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसलिए खेल के क्षेत्र में हरियाणा के खिलाड़ियों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इसी की बदौलत प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम के बाद विधायक ने मशाल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जींद खेलों में रहा हमेशा अग्रणी
डीसी डा. मनोज कुमार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत जींद पहुंची यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि जींद जिला खेलों में हमेशा अग्रणी रहा है। जिलावासियों को आज भी इस बात पर फक्र है कि प्रदेश सरकार की मेजबानी के तहत चलाई जा रही खेलों इंडिया की इस यात्रा में अकेले जींद से 34 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह जिला के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 25 तरह के खेल शामिल
चार से 13 जून तक पंचकूला में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 25 प्रकार के खेल शामिल किए गए हैं। राज्य सरकार की पहल पर गतका, मलखंब और योगासन जैसे खेलों को भी शामिल किया गया है। डीसी ने कहा कि खेल से युवा वर्ग को सही दिशा मिलती है और प्रेरणा पाकर वह सकारात्मक गतिविधियों में शामिल होते हैं। इस अवसर पर पद्मश्री चांद राम, अंशु मलिक, रितू व विकास राणा भी मौजूद रहे।