उमरा के तीरंदाजी मैदान से तीन खिलाड़ी चयनित
टारगेट ओलम्पिक पोडियम स्कीम के तहत उमरा के तीरंदाजी मैदान से तीन खिलाड़ी चयनित
संवाद सहयोगी, हांसी : भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा पूरे भारत से 12 अलग-अलग खेलों में कुल 258 खिलाड़ियों का चयन टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम के लिए किया गया है। इसके तहत उमरा तीरंदाजी मैदान के तीन खिलाड़ियों कुमारी संगीता मलिक, आकाश मलिक व सन्नी कुमार का चयन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए तीरंदाजी कोच मनजीत मलिक ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये महीना डाइट व अन्य खर्च दिए जाएंगे। इन खिलाड़ियों को 2024 तथा 2028 ओलंपिक के लिए तैयार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आकाश मलिक यूथ ओलंपिक गेम्स में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। संगीता मलिक ने भी विश्व तीरंदाजी कप व विश्व चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, सन्नी कुमार ने खेलों इंडिया मे पदक जीतने के साथ साई द्वारा सीनियर तीरंदाजी ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन कर टॉप स्कीम में जगह बनाई है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर तीरंदाजी मैदान उमरा पर साथियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। चयनित खिलाड़ियों तथा कोच ज्योति मलिक व मनजीत सिंह मलिक को ग्रामीणों ने बधाई दी।