गाय को दोबारा सम्मान दिलवाने को समाज आगे आए : स्वामी आर्यवेश
सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के तत्वावधान में निकाली जा रही प्रांतीय जन चेतना यात्रा शुक्रवार को ऐतिहासिक गांव जुलानी व जाजवान पहुंची।
जागरण संवाददाता, जींद : सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के तत्वावधान में निकाली जा रही प्रांतीय जन चेतना यात्रा शुक्रवार को ऐतिहासिक गांव जुलानी व जाजवान पहुंची। गोरक्षा के लिए पहचाने जाने वाले गांव जुलानी के उन परिवारों को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया, जिनके घर पर गाय या बैल रखे जाते हैं। इनमें कर्ण सिंह, सत्यवान, जितेंद्र, उमेश, तिलकराज, सूरजमल आर्य, राजेन्द्र सिंह, भोलर, धूप सिंह शामिल हैं।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे सार्वदेशिक सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि हरफूल सिंह ने गाय बचाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज गाय दर दर की ठोकर खाती घूम रही है। गाय को दोबारा उसका सम्मान दिलवाने के लिए समाज को आगे आना होगा। उन्होंने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को सरकार के सामने रखा। नशाबंदी परिषद हरियाणा के प्रधान स्वामी रामवेश ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए आर्य समाज मुहिम को तेज करेगा। गांव-गांव जाकर समितियां बनाई जाएंगी। बेटी बचाओ अभियान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन पूनम आर्या व राष्ट्रीय संयोजक बहन प्रवेश आर्या ने उपस्थित जनों को गोहत्या मुक्त भारत, नशा मुक्त भारत, कन्या भ्रूण हत्या मुक्त भारत, पाखंड मुक्त भारत, अश्लीलता मुक्त भारत का महासंकल्प करवाया। संचालन जनहित विकास परिषद हरियाणा के संयोजक केवल सिंह जुलानी ने किया। कार्यक्रम में भीम सिंह, सज्जन पूर्व सरपंच, नफे सिंह, लहना सिंह पूर्व सरपंच, सतबीर आर्य, सूरजमल आर्य, कपूर डाढ़ा, सत्यवान सांगवान, देवेंद्र सहारण,नरेश भुक्कल का विशेष सहयोग किया। जाजवान में सरपंच राजेश, डॉ. राजपाल आर्य, सतपाल आर्य पूर्व सरपंच, डॉ. अमृतलाल व अन्य ग्रमीणों ने यात्रा का स्वागत किया।
बॉक्स..
घोघड़िया के सरस्वती स्कूल में हुआ यात्रा का ठहराव
फोटो: 36
संवाद सूत्र, उचाना
प्रांतीय जन चेतना यात्रा का सरस्वती पब्लिक स्कूल घोघड़ियां में ठहराव हुआ। यात्रा में सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्य वेश, स्वामी रामवेश, विरजानंद एडवोकेट, स्वामी चंद्रेश, स्वामी श्रद्धानंद, स्वामी नित्यानंद सरस्वती, स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती आदि का विद्यार्थियों ने स्वागत गीत गाकर स्वागत किया। स्वामी आर्यवेश ने बताया कि यह यात्रा 18 फरवरी को स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती के अवसर पर अनाज मंडी लोहारू में संपन्न होगी। जनचेतना यात्रा का उद्देश्य गोहत्या पर प्रतिबंध, युवा पीढ़ी के चारित्रिक पतन को रोकने, समाज में निरंतर पनप रही अश्लीलता, कन्या भ्रूण हत्या, धार्मिक अंधविश्वास, महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों आदि कुरीतियों के विरुद्ध जन जागृति पैदा करना है। आर्य समाज सामाजिक बुराइयों के खिलाफ निरंतर मुहिम चलता रहा है। इस मौके पर जसपाल खटकड़, बिजेंद्र बूरा, पवन शमर, विकास दलाल, रघुबीर बूरा, जगबीर पांचाल, बिरेंद्र बूरा, रामनिवास बूरा, सुरेश शर्मा सहित ग्रामीण, स्कूल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।