जुलाना की पुरानी अनाज मंडी में स्ट्रीट लाइटें खराब, पार्षदों ने की नारेबाजी
कस्बे की पुरानी अनाज मंडी की स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण सफेद हाथी साबित हो रही हैं। नगरपालिका प्रशासन पर कई बार शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
संवाद सूत्र, जुलाना : कस्बे की पुरानी अनाज मंडी की स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण सफेद हाथी साबित हो रही हैं। नगरपालिका प्रशासन पर कई बार शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर नगरपालिका के पार्षदों में रोष पनप रहा है। कस्बे के वार्ड में सायं होते ही अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है। अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भी कई बार चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन के कानों पर जूं तक नही रेंग रही है। नगरपालिका के चार पार्षदों ने पुरानी अनाज मंडी में एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया।
वर्जन
कई बार नगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्ट्रीट लाइटों की समस्या से अवगत करवा दिया गया है। बार-बार शिकायत देने पर भी नगरपालिका के अधिकारी आश्वासन के अलावा कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्ट्रीट लाईटों की समस्या का कोई समाधान नही करता है तो पार्षद आंदोलन शुरू करेंगे।
-सुभाष पांचाल, पार्षद, जुलाना नगरपालिका
वर्जन
जुलाना में जो स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, उनको जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा। जो लाइट बदलने के लायक हैं और खराब हो चुकी हैं, वहां नई लाइटें लगा दी जाएंगी।
-प्रवीन परुथी, सचिव, नगरपालिका प्रशासन