शाह की रैली में मिलेंगी बड़ी सौगातें
जागरण संवाददाता, जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह ने केंद्र में कैबिनेट मंत्री व दो बा
जागरण संवाददाता, जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह ने केंद्र में कैबिनेट मंत्री व दो बार राज्यसभा सांसद बनाकर अपना वादा पूरा कर दिया है, अब हमारी अपने वादे पर खरा उतरने की बारी है, जो हमने करीब दो साल पहले पार्टी में शामिल होते समय प्रदेश में भाजपा को किसान, कमेरा व मजदूर वर्ग में मजबूती देने का किया था। 11 सितंबर को जींद में होने वाली भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली में दो साल पहले जींद में हुई रैलियों से अधिक भीड़ जुटाकर इसका संकेत देना होगा। रैली की दिन ही वर्षो से अटके जींद बाईपास, जींद सीमा से पंजाब बार्डर तक दिल्ली-पटियाला फोरलेन का भूमिपूजन कर निर्माण शुरू करवाने व मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी जाएगी। यह बातें केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र ¨सह ने जींद की जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा रैली के अगले तीन साल में जींद को प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करवाने के लिए मंच पर मौजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से कई बड़ी घोषणाएं करवाई जाएगी।
हरियाणा बढ़ेगा, हम बढ़ेंगे
उन्होंने कहा कि रैली में केंद्र सरकार द्वारा अपने दो साल के कार्यकाल में हासिल की गई 70 बड़ी उपलब्धियों व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जनता को अवगत करवाया जाएगा। रैली का थीम होगा हरियाणा बढ़ेगा, हम बढ़ेंगे रहेगा, जबकि नाम पार्टी के दिशा निर्देशानुसार अगले कुछ दिनों में तय कर लिया जाएगा।
सबको सौंपेंगे सामूहिक जिम्मेदारी
जींद में होने वाली रैली भाजपा की होगी तथा इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष से अनुमति ली जा चुकी है। रैली को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को सामूहिक जिम्मेदारी सौंपी जाएंगी। रैली में हरियाणा प्रभारी अनिल जैन के अलावा प्रदेश व केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी तथा कुछ केंद्रीय मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। जींद रैली के बाद भाजपा को जीटी बेल्ट से बाहर जींद, भिवानी, कैथल, हिसार, रोहतक व सिरसा जैसे जिलों में भी ग्राउंड लेवल पर मजबूती मिलेगी।
तिरंगा यात्रा निकालेंगे
11 सितंबर की रैली से पूर्व जींद में मोटरसाइकिल पर एक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें 8-8 फुट लंबाई के तिरंगे को लेकर युवा रैली में शामिल होंगे। सारे देश में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के राष्ट्र भक्तों की शहादत को याद दिलवाना है। उनमें देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
एक दिन में नहीं बदल सकती व्यवस्था
व्यवस्था एक दिन में नहीं बदली जा सकती, परंतु नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री व मनोहर लाल के मुख्यमंत्री बनने से व्यवस्था में बदलाव अवश्य आया है। मैं स्वीकार करता हूं कि भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म नहीं हो पाया है, परंतु अब भ्रष्टाचार करने वाले लोगों के मन में एक डर देखा जा सकता है। राजनीतिक लोग भी भ्रष्टाचार करने से डरने लगे हैं।