गांगोली के सज्जन देशवाल ने लंदन में सफलता का गाड़ा झंडा
जिले के गांव गांगोली में जन्मे सज्जन देशवाल ने इंग्लैंड की धरती पर जाकर अपनी पहचान बनाई है। देशवाल ने लंदन में बड़ा एजुकेशन ग्रुप खड़ा कर दिया है।
जागरण संवाददाता, जींद : जिले के गांव गांगोली में जन्मे सज्जन देशवाल ने इंग्लैंड की धरती पर जाकर अपनी पहचान बनाई है। देशवाल ने लंदन में बड़ा एजुकेशन ग्रुप खड़ा कर दिया है। बच्चों को कोचिग के लिए डा. सुप्रीम ट्यूटर, स्कूली शिक्षा के लिए इम्पीरिया कालेज व किग्समीड एकेडमी में सैकड़ों छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इन तीनों संस्थानों में करीब 60 लोगों को रोजगार दिया हुआ है।
लंदन से फोन पर दैनिक जागरण से बातचीत में सज्जन देशवाल ने बताया कि 2012 में बेटे को पढ़ाने के लिए लंदन आए थे। यहां आने से पहले रायपुर में कलिगा यूनिवर्सिटी व गुरुग्राम में भी स्कूल चलाते थे। सबसे पहले यहां डा. सुप्रीम ट्यूटर नाम से ट्यूशन कंपनी शुरू की। इसके बाद स्कूल व कालेज खोले। देशवाल बताते हैं कि लंदन की पढ़ाई और भारत की पढ़ाई में जमीन-आसमान का फर्क है। यहां थ्योरी पर रट्टा मारने के बजाय प्रैक्टिकल पर जोर दिया जाता है। इससे बच्चे की समझ बढ़ती है और वह ज्यादा सीख व समझ पाता है। उनके इंपीरियल कालेज में नर्सरी से 12वीं तक के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। इसमें नर्सरी, प्राइमरी, मिडिल, सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी के अलग-अलग लेवल हैं। अब कोरोना काल में उन्होंने ऑनलाइन भी पढ़ाई शुरू की है, जिसमें गल्फ कंट्रीज सहित इंडिया से भी काफी बच्चे जुड़े हैं। देशवाल कहते हैं कि भारत में रट्टा मार पढ़ाई के कारण बच्चे का असली व्यू कभी सामने नहीं आ पाता। जबकि लंदन में पढ़ाई में रिसर्च पर ज्यादा फोकस रहता है। बच्चों को स्कूल व उच्च शिक्षा में इसी तरह का माहौल दिया जाता है। विदेश की धरती पर एजुकेशन का बड़ा ग्रुप खड़ा करने के लिए काफी संघर्ष किया। हरियाणवियों को किया एकजुट
सज्जन देशवाल ने बताया कि सफलता का मुकाम हासिल करने के बाद उन्होंने इंग्लैंड में रहने वाले सभी हरियाणवियों को एकजुट किया है। हरियाणा इन यूके एसोसिएशन के बैनर तले सालभर में एक बार सभी हरियाणवी इकट्ठे होते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रम करते हैं। किसी साथी को किसी तरह की मदद की जरूरत होती है, तो उसमें भी पूरा साथ देते हैं। विदेश में पढ़ाई के लिए करते हैं गाइड
सज्जन देशवाल ने बताया कि उनकी वीआर एजुकेशन कंपनी भारत सहित कई देशों में बच्चों को विदेश में पढ़ाई के लिए गाइड करती है। इसका कोई चार्ज नहीं लिया जाता। लंदन, दुबई व गुरुग्राम में इस कंपनी के ऑफिस हैं।