बसंत उत्सव कार्यक्रम में हरियाणवी नृत्य पर भारी पड़ा राजस्थानी नृत्य
राजकीय महिला कॉलेज में हुए बसंत उत्सव कार्यक्रम में ग्रुप डांस में हरियाणवी नृत्य पर राजस्थानी नृत्य भारी पड़ा। राजस्थानी नृत्य ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जागरण संवाददाता, जींद : राजकीय महिला कॉलेज में हुए बसंत उत्सव कार्यक्रम में ग्रुप डांस में हरियाणवी नृत्य पर राजस्थानी नृत्य भारी पड़ा। राजस्थानी नृत्य ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में सरला चौधरी पहुंची और उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच संचालन डॉ. सोनल जैन और डॉ. सुखदेव ने किया।
बसंत उत्सव में सोलो डांस, ग्रुप डांस, स्किट समेत दूसरी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति देकर देखने वालों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एकल नृत्य में बीएससी दूसरे वर्ष की छात्रा सुषमा ने तू सुथरी उतरी चांद तै, दिल पै चोट मारगी, बीए प्रथम वर्ष की रूबल ने यो सारा रोला पतली कमर का, ममता, मुकेश, श्वेता, कोमल द्वारा पंजाबी गीत पर, बीए प्रथम वर्ष की सुप्रिया द्वारा तेरी मिट्टी में मिल जावां आदि गीतों पर सभी के दिल को छू लिया। निर्णायक मंडल की भूमिका विनोद पनहारी, डॉ. जयबीर ढांडा व हिमानी ने निभाई। सरला चौधरी ने कहा कि छात्राओं के लिए नारा ही काफी नहीं है, बल्कि वास्तविकता का सामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ना चाहिए व खुद पर पूरी तरह से विश्वास होना चाहिए। छात्राओं को हर तरह की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
इस मौके पर उप-प्राचार्य हरिओम, डॉ. सुमिता आसरी, मनीषा जागलान, नरेंद्र कुमार, अनूप मोर, जितेंद्र कुमार, डॉ. संगीता, अमरजीत कौर, उर्मिला शर्मा, सरिता जागजान, ज्योति मेहंदीरत्ता विशेष तौर पर मौजूद रही।
यह रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम
प्राध्यापिका मनीषा जागलान ने बताया कि प्ले एंड स्किट में चरणदास चोर है, स्किट को प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि हरियाणवी स्किट को द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया। सोलो डांस में अंशु प्रथम, अंजली दूसरे और पिकी तीसरे नंबर पर रही। ग्रुप डांस में राजस्थानी नृत्य प्रथम, हरियाणवी नृत्य दूसरे और ज्योति एंड ग्रुप तीसरे स्थान पर रहा।