बैंक के माध्यम से पेंशन ले रहे पेंशनर्स को नहीं मिला बढ़ा डीए
हरियाणा रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की कोर कमेटी की बैठक हुई।
जागरण संवाददाता, जींद : हरियाणा रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को प्रधान किताब सिंह भनवाला की अध्यक्षता में अर्बन एस्टेट स्थित जाट धर्मशाला में हुई। किताब सिंह भनवाला ने बताया कि जो पेंशनर्स बैंक के माध्यम से पेंशन ले रहे हैं, उनकी रोकी गई डीए का देय 11 फीसद की वृद्धि अभी तक नहीं मिल पाई है।
इस बारे में बैंक अधिकारियों से कारण का पता लगा कर अगली कार्रवाई की जाएगी। ये रिटायर्ड कर्मचारी सभी लगभग 70 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। जबकि सेवारत कर्मचारियों और खजाने से पेंशन प्राप्त करने वाले रिटायर्ड कर्मचारियों को भी 11 फीसद डीए का लाभ दे दिया गया है। सरकार ने इस वर्ग को डीए बढ़ोतरी से वंचित रखा है। उन्होंने बताया कि नगूरां ब्लाक का चुनाव 11 सितंबर को कराया जाएगा। एक जनवरी 2016 से पूर्व बिजली निगम तथा अन्य विभागों से रिटायर्ड कर्मचारियों के पेंशन रिवीजन के मामले शीघ्र निपटाए जाने की मांग की गई। अन्य मांगों व समस्याओं के बारे में विचार विमर्श करने के लिए जिला कार्यकारिणी की बैठक चार सितंबर को जाट धर्मशाला में सुबह 11 बजे बुलाई गई है। इस अवसर पर राज्य उप प्रधान मियां सिंह खटकड़, मुख्य सलाहकार श्रीभगवान दत्त शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान खजान सिंह खटकड़, महासचिव कुलदीप सिंह गोयत, ब्लाक महासचिव शमशेर सिंह ढांड़ा, प्रेस सचिव जोरा सिंह आर्य, जिला कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र सिंह जागलान और वेद सिंह ढिल्लों उपस्थित रहे।