सप्ताह में पांच दिन व प्रतिदिन आठ घंटे राइस मिल चलने से धान के भाव गिरे
बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए सप्ताह में पांच दिन और आठ घंटे राइस मिल चलने से धान के भाव में गिरावट आई है।
संवाद सूत्र, जुलाना : बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए सप्ताह में पांच दिन और आठ घंटे राइस मिल चलने से धान के भाव में गिरावट आई है। पिछले दो सप्ताह के दौरान धान के भाव में 200 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा मंदी आई है। 26 नंवबर को धान के भाव चार हजार प्रति क्विंटल को पार कर गए थे। अब धान 1121 बासमती धान 3750 रुपये प्रति क्विंटल से कम ही बिक रहा है।
आढ़ती जगबीर सिंह ढिगाना, विक्रम मलिक, परमेंद्र, राजेश, किसान अमित ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से धान के भाव में गिरावट आई है। राइस मिल का समय हर रोज आठ घंटे करने से धान के खरीदार कम रह गए हैं। कई राइस मिल ने धान की खरीद कम कर दी है। अब की बार धान की साफ और सुथरी 1121 धान की फसल जुलाना की मंडी में 4035 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी चुकी है पिछले वर्ष 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी थी। 1509 बासमती धान पिछले वर्ष 1800 रुपये बिका था इस बार 3500 रुपये तक भाव पहुंचे। किस्म 1718 धान की फसल पिछले वर्ष 2600 रुपये प्रति क्विंटल तो इस बार 3950 तक बिक चुकी है।
मार्केट कमेटी सचिव दीपक ने बताया कि मंडी में धान बेचने के लिए किसानों को कोई परेशानी ना हो, इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।