किसान आंदोलन में हमारी ताकत ही हमारी जीत : चांदी राम
आंधी बारिश और भीषण गर्मी के बावजूद बद्दोवाल टोल पर किसानों का धरना 174वें दिन भी जारी रहा। बुधवार को धरने की अध्यक्षता महिला किसान चलती देवी ने की।
संवाद सूत्र, नरवाना : आंधी, बारिश और भीषण गर्मी के बावजूद बद्दोवाल टोल पर किसानों का धरना 174वें दिन भी जारी रहा। बुधवार को धरने की अध्यक्षता महिला किसान चलती देवी ने की। वहीं संचालन भी महिला डिपल ने किया।
क्रमिक अनशन पर भरपाई, ओमपति, फूली, बीरमति व अंगूरी देवी बैठी। धरने की शुरुआत में खटकड़ टोल पर सेवा दे रहे किसान पालाराम की मृत्यु के शोक में 2 मिनट का मौन भी रखा गया और उनकी याद में जयपाल दनौदा ने एक श्रद्धांजलि गीत गाया। चांदीराम कलौदा ने कहा कि इस किसान-मजदूर आंदोलन में एक दिन हमारी ताकत ही हमारी जीत साबित होगी। यह सरकार किसानों की फसल और नस्ल को तो बर्बाद करने पर तुली हुई है और पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान को छू रहे हैं।
सीटू के सतबीर खरल ने कहा कि यह किसान-मजदूर आंदोलन कमेरे और लुटेरे के बीच लड़ाई है। डा. रामचन्द्र ने कहा कि किसान आंदोलन वर्ग संघर्षत है। जयपाल दनौदा ने मौजूदा परिस्थितियों पर आधारित अपनी रागनी से भगतसिंह को याद किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से चांद बहादुर, रणधीर मोर, महेंद्र गोयत, बलराज पंघाल, जयबीर, रामचन्द्र दनौदा, सुखबीर, मास्टर सतबीर, सुभाष लांबा, निहाला गुरुसर, नरेश दनौदा, महाबीर, सत्यवान गोयत, वीरेंद्र, रतन सिंह मौजूद रहे।
विश्वकर्मा धर्मशाला बनाने के लिए कमेटी गठित
संवाद सूत्र, उचाना : रजबाहा रोड पर अधूरी श्री विर्श्वकर्मा पांचाल ब्राह्मण धर्मशाला के निर्माण के लिए अब चंदा एकत्रित कर कार्य को शुरू किया। पांचाल समाज द्वारा चंदा एकत्रित करके 300 गज के करीब जमीन धर्मशाला निर्माण के लिए खरीदी। यहां पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद सिंह द्वारा अपने कोटे से पांच लाख रुपये की राशि भेजी। इस राशि के खर्च के बाद धर्मशाला का निर्माण अधूरा रह गया था। अब पांचाल समाज के लोगों द्वारा अधूरे निर्माण कार्य को चंदा एकत्रित करके शुरू किया गया है। यह चंदा पांचाल समाज से ही वो ले रहे है। जो चंदा एकत्रित करेंगे उसको लेकर एक टीम बनाई गई है।
टीम में श्री विश्वकर्मा पांचाल ब्राह्मण धर्मशाला कमेटी प्रधान गंगादत्त के अलावा रणधीर पांचाल, रामदिया पांचाल, गिद्र सिंह डांगी, सतपाल पांचाल, रामचंद्र पांचाल सहित कई लोगों को शामिल किया गया। गंगादत्त, रणधीर पांचाल ने कहा कि धर्मशाला का लेंटर लगने तक का काम जो सांसद कोटे से ग्रांट आई थी उससे हुआ था। धर्मशाला में अब भी काफी काम बाकी है।