बेरोजगारी व धान खरीद घोटाले पर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर देशभर में बढ़ रही बेरोजगारी धान खरीद घोटाला गांधी परिवार की सुरक्षा वापस लेने बेहाल अर्थव्यवस्था व कृषि संकट के विरोध में धरना दिया।
जागरण संवाददाता, जींद : जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर देशभर में बढ़ रही बेरोजगारी, धान खरीद घोटाला, गांधी परिवार की सुरक्षा वापस लेने बेहाल अर्थव्यवस्था व कृषि संकट के विरोध में धरना दिया। तीन घंटे तक चले धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल नारेबाजी करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे और उन्हें राष्ट्रपति से नाम ज्ञापन सौंपा।
जिले के एकमात्र कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली, जिला संयोजक सुरेंद्र श्योकंद व अन्य वरिष्ठ नेताओं की अगुआई में हुए धरने में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। विधानसभा चुनाव से जींद से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अंशुल सिगला, जुलाना से प्रो. धर्मेद्र ढुल, नरवाना से विद्यारानी दनौदा व उचाना से प्रत्याशी रहे बलराम कटवाल ने भी धरने को संबोधित किया।
विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन के कारण देश का हर वर्ग हताश व दुखी है। मंदी और तालाबंदी मौजूदा भाजपा सरकार की पहचान बन गए हैं। देश की अर्थव्यवस्था वेंटिलेटर पर है और रोजगार सृजन कोमा में है। न नौकरी है, न रोजगार है।
अंशुल सिगला ने कहा कि कृषि क्षेत्र पर तो मंदी का दंश और भी बुरा है। डूबती अर्थव्यवस्था, घटती बचत, व्यापार की तालाबंदी और बैंक घोटालों में जनता के पैसे की लूट ने साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था का दीवाला निकाल दिया है।
प्रो. धर्मेद्र ढुल ने कहा कि भाजपा सरकार हर कदम पर देशहित से खिलवाड़ कर रही है। भाजपा ने देश की वित्तीय स्वायत्ता एवं आर्थिक स्थिरता को दांव पर लगा दिया है। सच्चाई यह है कि भारत वित्तीय आपातकाल की स्थिति में है। मोदी सरकार ने युवा भारत की शक्ति को बेहाली व बेरोजगारी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस के मुताबिक तो बेरोजगारी 45 साल में सर्वाधिक है और तेजी से बढ़ रही है। सेंटर फॉर मॉनिटरिग ऑफ इंडियन इकॉनॉमी के अनुसार बेरोजगारी की दर अगस्त 2019 में बढ़कर 8.19 प्रतिशत हो गई, जो शायद पिछले 72 साल में सबसे अधिक है।
गांधी परिवार की सुरक्षा खतरे में डाली
विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने राजनीतिक द्वेष की भावना का परिचय देते हुए कांग्रेस के मुख्य नेताओं को बरसों से मिली एसपीजी की सुरक्षा को हटा कर उनके जीवन को खतरे में डाल दिया है। भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष भावना के तहत कार्य कर रही है। देश में चाहे आजादी का आंदोलन हो या आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई हो, नेहरू-गांधी परिवार ने देशहित में हमेशा कुर्बानी दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी देश की जनता के हकों की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए एसपीजी की व्यवस्था की गई थी।