कबीर जयंती पर मजदूर संभालेंगे किसान धरने का मंच : बलबीर
कृषि कानूनों के विरोध में बद्दोवाल टोल धरने पर दिए जा रहे धरने के 181वें दिन की अध्यक्षता महेंद्र सिंह धर्मगढ़ ने की। इस दौरान किसानों ने नारेबाजी की।
संवाद सूत्र, नरवाना : कृषि कानूनों के विरोध में बद्दोवाल टोल धरने पर दिए जा रहे धरने के 181वें दिन की अध्यक्षता महेंद्र सिंह धर्मगढ़ ने की। जबकि क्रमिक अनशन पर बलराज फरैण, महेंद्र सिंह भिखेवाला, भालासिंह सुंदरपुरा, ओमप्रकाश झील व अजमेर सिंह फुलियां शामिल हुए।
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश स्तरीय नेता मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर 24 जून को धरने पर संत कबीर जयंती मनाई जाएगी और मजदूर मंच संचालन जिम्मा संभालेंगे। इसके अलावा 26 जून को राजभवन का घेराव किया जाएगा। इसमें हलके के हर गांव से एक वाहन चंडीगढ़ के लिए जरूर जाएगा। जनवादी नौजवान सभा के राज्य सचिव नरेश दनौदा ने कहा कि यह आंदोलन अब केवल तीन कानूनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस आंदोलन ने सांप्रदायिक और जातिवाद के जहर को खत्म कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का काम किया है।
इस अवसर पर सतबीर खरल, ओमप्रकाश, पिरथी सिंह, महेंद्र राविश, माया सिंह, सत्ता, रतनसिंह, प्रदीप, कपूरा, सुभाष लांबा, डिपल, गुरमेल देवी, बिमला देवी मौजूद थी।