भाजपा में वंशवाद के लिए कोई जगह नहीं : धनखड़
भाजपा कार्यकर्ताओं की मीटिग जुलाना की ब्राह्मण धर्मशाला में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में हुई।
संवाद सूत्र, जुलाना : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की मीटिग जुलाना की ब्राह्मण धर्मशाला में हुई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने की। मीटिग में भाजपा के संगठन के लिए मंडल अध्यक्षों के चयन के लिए कार्यकर्ताओं की राय ली गई। कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष के लिए अपनी-अपनी राय दी, जिसको पूर्व मंत्री ने बंद लिफाफे में पार्टी हाईकमान के पास भेज दिया। धनखड़ ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसमें सामान्य कार्यकर्ता ही भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनता है। भाजपा में जो भी कार्यकर्ता मेहनत करता है, उसी को मान-सम्मान दिया जाता है। भाजपा दूसरी पार्टियों की तरह वंशवाद की परंपरा पर काम नहीं करती। सभी कार्यकर्ता भाजपा के लिए जी तोड़ मेहनत करें। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक परमेंद्र सिंह ढुल, जिला अध्यक्ष अमरपाल राणा, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. पुष्पा तायल, सत्यवान खटकड़, सतीश सांगवान, रामफल शर्मा, राकेश लाठर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।