अब सीधे नोमिनेट होगा भाजपा का जिला प्रधान
भाजपा का जिला प्रधान बनने के लिए कई नेताओं ने ताल ठोंक रखी थी। पार्टी ने फैसला लिया था कि मंडल अध्यक्षों के चुनाव के बाद जिला प्रधान का चुनाव कराया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जींद : भाजपा का जिला प्रधान बनने के लिए कई नेताओं ने ताल ठोंक रखी थी। पार्टी ने फैसला लिया था कि मंडल अध्यक्षों के चुनाव के बाद जिला प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। लेकिन अब जेपी नड्ढा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जिला प्रधान का चुनाव नहीं होगा, बल्कि नए प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सीधे जिला प्रधान नियुक्त किए जाएंगे। ऐसे में जिला प्रधान बनने के लिए अब हाईकमान का आशीर्वाद जरूरी होगा।
भाजपा ने फैसला लिया है कि कार्यकारिणी में युवा नेताओं को तवज्जो दी जाएगी। इससे बड़ी उम्र के नेताओं को सर्दी में पसीना आया हुआ है। लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे इस फैसले से पार्टी की दौड़ से बाहर हो गए हैं, जबकि युवा नेताओं की बांछें खिली हुई हैं। अभी जिले के युवा नेताओं में राजू मोर का नाम प्रधानी के लिए सबसे आगे चल रहा था। वह लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। उनके अलावा संदीप लोहान भी सक्रिय हैं। जुलाना हलके के बड़े गांव राजपुरा भैण निवासी संदीप लोहान के पार्टी के केंद्रीय नेताओं से अच्छे रिश्ते हैं। युवा नेता पुरुषोत्तम शर्मा, दलेशर लोहान और जसमेर रजाना ने भी पार्टी के बड़े नेताओं में पैठ बना रखी है। पुराने नेताओं में डॉ. विजयपाल एडवोकेट, डॉ. राज सैनी, ओमप्रकाश नैन भी दावेदार हैं। लेकिन अब प्रधानी का दावा करने वाले इन अब नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष का ही आशीर्वाद लेना होगा। पार्टी के नियमों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद चुनाव प्रक्रिया खत्म हो जाती है और नोमिनेशन किया जाता है। अभी तक देश के 21 राज्यों में चुनाव हो चुके हैं। जबकि हरियाणा समेत कई राज्यों में चुनाव होने बाकी हैं। अब केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। फिर प्रदेश अध्यक्ष जिला अध्यक्ष नियुक्त करेंगे और वे मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति करेंगे। हालांकि पार्टी ने हर जिले में तीन-चार नेताओं को पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं का मूड जानने के लिए भेजा हुआ है, जो रायशुमारी लेकर अपनी रिपोर्ट देंगे। --पिछली बार चूके राजू मोर 20 साल से सक्रिय
फोटो: 31
जिले के गांव लुदाना निवासी राजू 1999 से भाजपा से जुड़े थे। पार्टी के साथ संघ में भी कई साल सेवा की। वर्ष 2005 से 2007 तक भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे। फिर प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रहे। वर्ष 2009 में सफीदों विधानसभा में पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ा। तब अकेले उन्हें 9 हजार से ज्यादा वोट मिले थे, जबकि जिले की पांच अन्य विधानसभा में भाजपा प्रत्याशियों को तीन हजार वोट मिले थे। उस चुनाव में जींद से राघवानंद तो बीच में ही चुनाव से हट गए थे। --संदीप लोहान की आलाकमान से नजदीकी
फोटो: 32
गांव राजपुरा भैण निवासी संदीप लोहान भी जिला भाजपा की राजनीति में सक्रियता बढ़ा रहे हैं। विधानसभा चुनाव के समय उन्होंने जुलाना से टिकट के लिए भी दावा ठोंका था। उनके पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजय वर्गीय सहित कई केंद्रीय नेताओं से अच्छे संबंध हैं। दैनिक जागरण से बातचीत में संदीप लोहान ने कहा कि जिले में भाजपा को मजबूत करना ही उनका लक्ष्य है। पार्टी कोई भी जिम्मेदारी देती है तो उसे मेहनत से निभाऊंगा। जुलाना सहित पूरे जिले में कमल खिलाने के लिए पूरा जोर लगा देंगे।