माता के शारदीय नवरात्र आज से शुरू, मंदिर सजे
रविवार से शारदीय नवरात्र पर्व शुरू हो रहे हैं। बाजार मां भगवती को अर्पित किए जाने वाली सामग्री से सज गए हैं। लाल चुनरी नारियल श्रृंगार प्रसाद के लिए लोग उमड़ रहे हैं। प्रसिद्ध माता वैष्णवी धाम जयंती देवी मंदिर सोमनाथ मंदिर प्राचीन भूतेश्वर मंदिर रघुनाथ मंदिर में नवरात्र की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिरों को रंग-बिरंगी लड़ियों के साथ सजाया गया है।
जागरण संवाददाता, जींद : रविवार से शारदीय नवरात्र पर्व शुरू हो रहे हैं। बाजार मां भगवती को अर्पित किए जाने वाली सामग्री से सज गए हैं। लाल चुनरी, नारियल, श्रृंगार, प्रसाद के लिए लोग उमड़ रहे हैं। प्रसिद्ध माता वैष्णवी धाम, जयंती देवी मंदिर, सोमनाथ मंदिर, प्राचीन भूतेश्वर मंदिर, रघुनाथ मंदिर में नवरात्र की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिरों को रंग-बिरंगी लड़ियों के साथ सजाया गया है।
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री और पंडित राममेहर शास्त्री काकड़ोद ने बताया कि मानव जीव में सर्वागीण विकास एवं हर तरह के कष्ट से मुक्ति के लिए नौ दिनों तक देवी के 9 रूपों की पूजा की जाती है। रविवार को पहले नवरात्र में मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए विधि विधान से कलश पूजन किया जाएगा। कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त रविवार सुबह 6 बजकर 16 मिनट से 7 बजकर 40 मिनट तक कुल एक घंटा 24 मिनट की अवधि तक रहेगा। नवरात्रों के अंतिम दिन जयंती देवी मंदिर में जागरण तथा मेले का आयोजन किया जाएगा।
वैष्णवी धाम में नवार्ण महायज्ञ आज
29 सितंबर से सात अक्टूबर तक माता वैष्णवी धाम में जन-जन के कल्याणार्थ नवार्ण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। माता वैष्णवी धाम के मैनेजिग ट्रस्टी आचार्य पवन शर्मा ने बताया कि 9 दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में यजमान विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा होंगे व मीना शर्मा पूर्ण आहुति अर्पित करेंगी।