पंचकूला से लापता प्रापर्टी डीलर का शव मिला सिवाह के खेतों में
पंचकूला के सेक्टर 25 से दो दिन पहले लापता हुए प्रापर्टी डीलर का शव बरामद किया गया है।
जागरण संवाददाता, जींद : पंचकूला के सेक्टर 25 से दो दिन पहले लापता हुए प्रापर्टी डीलर का शव गांव सिवाह के खेतों में मिला है। प्रापर्टी डीलर के लापता होने का मामला पंचकुला के चंडी मंदिर थाना पुलिस में दर्ज है। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार गांव सिवाह के खेतों में सोमवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने गांव सिवाह के चौकीदार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा गया था। मंगलवार सुबह पंचकूला के सेक्टर 25 निवासी यशवंती व उसकी बेटी सोनू नागरिक अस्पताल में पहुंचे और उसकी पहचान रामकुमार के रूप में हुई। मूल रूप से गांव निर्जन निवासी रामकुमार लंबे समय पंचकूला में रहता था और वहां पर प्रापर्टी डीलर का काम करता था। सोनू ने बताया कि उसका पिता 11 जुलाई दोपहर बाद काम के सिलसिले में बाहर गया था, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। जब उसके नंबर पर संपर्क किया तो वह फोन बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पंचकूला के चंडी मंदिर थाना पुलिस को शिकायत दी। वहां से उन्हें पता चला कि एक व्यक्ति का शव गांव सिवाह में मिला है। उसने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने उसके पिता का अपहरण करके हत्या की है। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि रामकुमार के लापता होने की दर्ज शिकायत को पंचकूला पुलिस से मांगी है। उसकी बेटी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।