गुप्त नवरात्रों के शुभांरभ पर आज शहर में निकलेगी कलश यात्रा
मानव कल्याण एवं सुख-समृद्धि के लिए गुप्त नवरात्रों में जयंती देवी मंदिर में प्रतिदिन होने वाले सवा लाख नवार्ण मंत्र शतचंडी पाठ एवं यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से होगा।
जागरण संवाददाता, जींद : मानव कल्याण एवं सुख-समृद्धि के लिए गुप्त नवरात्रों में जयंती देवी मंदिर में प्रतिदिन होने वाले सवा लाख नवार्ण मंत्र शतचंडी पाठ एवं यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से होगा। यह कलश यात्रा शहर के रानी तालाब मंदिर से शुरू होकर जयंती देवी मंदिर में पहुंचेगी। मंदिर के पुजारी पंडित नवीन कुमार शास्त्री ने बताया कि 24 जनवरी को मौनी अमावस्या पर यह कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं शामिल होंगी। कलश यात्रा दोपहर बाद रानी तालाब से शुरू होगी। पूजा-अर्चना के लिए समाज सेवी नवीन जैन पहुंचेंगे। गुप्त नवरात्रों के समापन पर 18 फरवरी को 5100 कन्याओं का पूजन होगा। गुप्त नवरात्रों के समापन दिवस सात फरवरी को मुख्य तौर पर गीता मनीषी महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 ज्ञानानंद महाराज, सम्मानित अतिथि के तौर पर विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा और अखिल भारतीय घीसा मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी राघवानंद महाराज, वरदान अस्पताल की चेयरमैन मीना शर्मा शिरकत करेंगे। इस दौरान 5100 कन्याओं के पूजन के साथ-साथ भंडारा लगेगा।