रणदीप, मिड्ढ़ा व दिग्विजय के नामांकन के बाद सज गया जींद का रण, हॉट हुआ उपचुनाव
जींद उपचुनाव के लिए कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला, जेजेपी के दिग्विजय चौटाला, भाजपा कृष्ण मिड्ढ़ा और इनेलो के उमेद सिंह रेढू ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं।
जींद, जेएनएन। हरियाणा में एक बार फिर चुनावी माहौल गर्मा गया है। जींद विधानसभा सीट का उपचुनाव चुनावी वर्ष में सेमीफाइनल मुकाबला बन गया है। यहां से कांग्रेस की अोर से दिग्गज नेता रणदीप सुरजेवाला जैेसे कद्दावर नेता को मैदान में उतारने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। सुरजेवाला दिग्गज नेताओं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला और भाजपा के प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढ़ा ने नामांकन दाखिल किया। इनेलो के उमेद सिंह रेढू ने भी नामांकन दाखिल किया। बृहस्पतिवार को नामांकन का अाखिरी दिन था।
बता दें कि सांसद दुष्यंत चौटाला के छोटे भाई व इनसो के अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला जननायक जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ नामांकन करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर जेजेपी के प्रदेश प्रधान निशान सिंह भी मौजूद थे। इससे पहले बृहस्पतिवार सुबह दिग्विजय चौटाला को जेजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।
अपना नामांकन पत्र दाखिल करते जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला।
इसके सााथ ही भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण मिड्ढ़ा ने भी पार्टी नेताओं के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। वह इनेलो के पूर्व विधायक डॉ. हरिचंद मिड्ढ़ा के पुत्र हैं। भाजपा ने बुधवार को कृष्ण मिड्ढ़ा को पार्टी टिकट देने की घोषणा की थी। उनके नामांकन के दौरान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, श्रम मंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढ़ा के नामांकन करने से पहले सभा में मौजूद नेतागण।
कांग्रेस की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. अशोक तंवर, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव और कुलदीप बिश्नोई सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नामांकन से पहले कांग्रेस नेताओं ने यहां जनसभा को संबोधित किया।
नामांकन दाखिल करते कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला।
समझा जाता है कि अब मुख्य मुकाबला भाजपा के कृष्ण मिड्ढा, कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला अौर जजपा से दिग्विजय सिंह चौटाला के बीच होगा। जींद उपचुनाव के लिए आज नामांकन पत्र दाखिल करने की आज अंतिम दिन है। उपचुनाव के लिए मतदान 28 जनवरी को होगा और मतगणना 31 जनवरी को होगा।
जींद उपचुनाव के लिए इनेलो के प्रत्याशी उमेद सिंह रेढू नामांकन दाखिल करते हुए।
इनेलो-बसपा के प्रत्याशी उमेद सिंह रेढू ने अपना नामांकन भर दिया है। उमेद सिंह ने बुधवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया था। उन्होंने बृहस्पतिवार को इनेलो प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर विधायक परमेंद्र ढुल व जिला प्रधान रामफल कुंडू भी मौजूद थे। उमेद सिंह रेढू जिला परिषद के उपप्रधान हैं।