पर्यावरण को हरा-भरा कर रही जनहित विकास परिषद
पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित जनहित विकास परिषद ने इस मानसून में करीब तीन हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। वर्ष 2003 से यह संस्था पौधे लगा रही है।
जागरण संवाददाता, जींद
पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित जनहित विकास परिषद ने इस मानसून में करीब तीन हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। वर्ष 2003 से यह संस्था पौधे लगा रही है। जींद शहर में इंट्री करते समय सभी मुख्य मार्गों पर संस्था की ओर से पौधे रोपित किए गए हैं। संस्था के सदस्य केवल सिंह जुलानी कहते हैं कि जींद शहर और आसपास के गांवों में संस्था द्वारा लगाए करीब 20 हजार पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। जुलानी बताते हैं कि पर्यावरण को हरा-भरा करने के लिए वर्ष 2007 में जनहित विकास परिषद का गठन किया गया था। तब से हर साल पांच जून को 51 कुंडीय हवन यज्ञ करके पौधरोपण अभियान की शुरुआत करते हैं। उस दिन संस्था के सभी सदस्य अपने घर, खेतों या सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाते हैं। हर मानसून में दो से तीन हजार पौधे लगाते हैं। संस्था की ओर से अब तक 500 से ज्यादा त्रिवेणी लगाई जा चुकी हैं, जिनमें से करीब 350 त्रिवेणी अब छाया दे रही हैं। गांव छापड़ा, संगतपुरा, ईंटल कलां में त्रिवेणी तैयार हो चुकी हैं। इसी तरह जींद शहर में रोहतक रोड बाईपास, गोहाना रोड बाईपास, नए बस स्टैंड के पास त्रिवेणी लगाई हैं। हर साल 20 से 30 त्रिवेणी लगाते हैं। इस मुहिम में बड़ौदी से प्रदीप, मोहनगढ़ छापड़ा से सुशील व नरेंद्र, बरसोला से कदम सिंह, दरियावाला से विकास चहल, जाजवान से सुरेंद्र मोर, जलालपुर कलां से धर्मराज जागलान, संगतपुरा से संदीप ढांडा, ढांडा खेड़ी से कुशल, जुलानी से महासचिव सत्यवान सांगवान की भागीदारी रहती है। इस बार बड़ौदी व बरसोला गांव के स्टेडियम और संगतपुरा बणी में बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे।