आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्परों का आज जेल भरो आंदोलन
आंगनबाड़ी वर्कर-हेल्परों की हड़ताल मंगलवार को 35वें दिन भी जारी रही। धरने की अध्यक्षता सुदेश देवी व संचालन रमेश देवी ने किया।
जासं, जींद : आंगनबाड़ी वर्कर-हेल्परों की हड़ताल मंगलवार को 35वें दिन भी जारी रही। धरने की अध्यक्षता सुदेश देवी व संचालन रमेश देवी ने किया। धरने पर पहुंचकर लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के राज्य कमेटी सदस्य विक्रम सिंह, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के राजकुमार श्योकंद, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जींद ब्लाक प्रधान संजीव ढांडा, सचिव रणधीर सिंह ने आंदोलनकारी कर्मियों की मांगों के समर्थन में धरने पर पहुंचकर तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमे मांग की गई कि आंगनबाड़ी वर्कर्स की बर्खास्तगी के नोटिस जारी करने व अन्य दमनकारी नीतियों पर रोक लगाई जाए। उनकी मांगों का तुरंत समाधान किया जाए। धरने को संबोधित करते हुए सीटू राज्य उपाध्यक्ष कामरेड रमेश चंद्र व जिला सचिव कपूर सिंह ने कहा कि सरकार जानबूझकर आंदोलन को लंबा खींच रही है। आंगनबाड़ी वर्कर्स तालमेल कमेटी ने बुधवार को जेल भरो आंदोलन की काल दी है। प्रदेश की सभी ट्रेड यूनियन और कर्मचारी संगठन, आंगनबाड़ी वर्कर्स द्वारा घोषित 12 जनवरी के जेल भरो कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।