पीटीआइ की सेवाएं जल्द बहाल नहीं हुई, तो करेंगे बड़ा जन आंदोलन
कर्मचारी संगठनों व खाप प्रतिनिधियों ने रंगीराम की गिरफ्तारी पर जताया रोष
जागरण संवाददाता, जींद : बर्खास्त पीटीआइ शिक्षकों के जिला मुख्यालय पर चल रहे धरने के 48वें दिन शनिवार को हसला के पदाधिकारी अनशन पर बैठे। प्रधान अनिल मलिक ने बताया कि धमतान तपा के पूर्व प्रधान रंगीराम की गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रदेश में पीटीआई शिक्षकों और सभी सहयोगी संगठनों में रोष है। शनिवार को भी धरने पर संघर्ष समिति के राज्य प्रधान धर्मेंद्र सहित कई जिलों से पीटीआई शिक्षक धरने पर पहुंचे। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के पूर्व राज्य प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार जिस प्रकार की तानाशाही नीतियां अपना रही है और आंदोलन को फेल करने के लिए हथकंडे अपना रही है। वो बेहद शर्मनाक और निदनीय है। अगर समय रहते सरकार ने रंगीराम को पूरे मान सम्मान के साथ रिहा नहीं किया और पीटीआई शिक्षकों की सेवाएं बहाल नहीं की, तो जल्द ये आंदोलन बड़े जन आंदोलन में परिवर्तित होने वाला है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सतीश शर्मा ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा पूरी तरह से पीटीआई अध्यापकों के साथ है और इनकी सेवा बहाली तक प्रदेश का कर्मचारी चैन से नहीं बैठेगा। सभी विभागों के लाखों कर्मचारी, किसान, मजदूर, छात्र सभी सरकार की नीतियों से तंग आ चुके हैं और बड़े आंदोलन को तैयार हैं। सर्व कर्मचारी संघ और सभी ट्रेड यूनियन मिलकर सरकार की नीतियों के खिलाफ नौ अगस्त को जिला मुख्यालयों पर सत्याग्रह आंदोलन करेंगे और जेल भरेंगे। इस अवसर पर रिटायर कर्मचारी संघ के जिला प्रधान आजाद पांचाल, हसला जिला प्रधान शमशेर नैन, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान साधुराम, बिनैण खाप व हुड्डा खाप के पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग से विक्रम, सुनीता कालीरमन ने भी संबोधित किया।