किसान-मजदूर की बदतर हालत के लिए सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार : बलबीर
बद्दोवाल टोल धरने के 192वें दिन की अध्यक्षता अंगूरी देवी ने की। किसानों ने धरने के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
संवाद सूत्र, नरवाना : बद्दोवाल टोल धरने के 192वें दिन की अध्यक्षता अंगूरी देवी ने की। क्रमिक अनशन पर गुड्डी देवी, केलो देवी, फूली देवी, बोहती देवी व सावित्री महिला किसान बैठी तथा मंच संचालन डा. रामचंद्र ने किया।
मुख्य वक्ता मा. बलबीर सिंह ने कहा कि आज किसान-मजदूर की जो बदतर हालत है, उसकी जिम्मेदार केवल सरकार की गलत नीतियां हैं। नरेंद्र मोदी सरकार बात तो करती है एक मंडी एक देश की, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार देश के दूसरे प्रदेशों के किसानों के राज्य में आने पर उन्हें जेल में डालने की बात क्यों कर रही है। अन्नदाता को एक जैसे भाव क्यों नहीं मिलते। इसीलिए संयुक्त किसान मोर्चा एमएसपी को सख्ती से लागू करने की बात दोहरा रहा है। दादरी से पहुंचे विधायक सोमवीर सांगवान ने अपनी बात रखते हुए कहा, जो काम आंदोलन में किसानों ने किया, आज तक वह किसी ने नहीं किया। किसानों की इस ईमानदारी का देश कायल है। आप लोग आंदोलन में इसी प्रकार डटे रहें, तो आपकी जीत निश्चित है।
संतोष सच्चाखेड़ा ने अपनी रागनी के माध्यम से सरकार को ललकारा। सीमा धर्मगढ़ ने रागनी के माध्यम से सरकार को चेताया। इस अवसर पर दलीप सिंह, मा. सतबीर, सुभाष लांबा, रणधीर मोर, सुखबीर, पिरथी सिंह, महेंद्र गोयत, रत्न सिंह, सुनील बद्दोवाल, निहाला गुरुसर, भतेरी, गुड्डी रानी, रामप्यारी, सीमा, पूनम, संतोष मौजूद रहे।
नरवाना में रक्तदान कैंप आज
नरवाना : मानव सेवा सोसायटी के तत्वावधान में रविवार को श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति द्वारा संचालित जयराम अस्पताल में रक्तदान कैंप लगाया जाएगा। कैंप में मुख्यातिथि के रूप में समाजसेवी रमेश गर्ग शिरकत करेंगे, तो विशिष्ट अतिथि डीएसपी साधुराम होंगे। सोसाइटी के प्रधान कैलाश सिगला ने यह जानकारी दी। संसू