फेसबुक पर हुई दोस्ती, शादी करने बारात लेकर निकला तो पहुंचना पड़ा महिला थाने
जागरण संवाददाता, जींद शहर के भिवानी रोड पर शर्मा नगर निवासी नाबालिग युवक की फेसबुक पर
जागरण संवाददाता, जींद
शहर के भिवानी रोड पर शर्मा नगर निवासी नाबालिग युवक की फेसबुक पर दो साल बड़ी युवती से दोस्ती के बाद शादी तय हो गई। शुक्रवार को युवक हाथों में मेहंदी सजाकर बारात लेकर निकला था, लेकिन उसे महिला थाने की सैर करनी पड़ी। उसके नाबालिग होने की सूचना मिलने पर जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय की टीम ने रास्ते में ही रोक लिया। बहादुरगढ़ जाने के लिए निकली दूल्हे की बारात देर शाम लाखनमाजरा से ही वापस लौट गई।
महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि शहर के शर्मा नगर में एक नाबालिग लड़के की शादी की जा रही है और बारात चलने की तैयारी है। सूचना मिलते ही सहायक बाल विवाह निषेध अधिकारी रवि लोहान, एएसआइ राजबीर ¨सह, महिला कांस्टेबल रेनू, एसपीओ सुरेश कुमार रोहतक रोड पुलिस के साथ मौके पर शर्मा नगर में कालोनी में हो रहे विवाह स्थल पर पहुंचे तो पता चला कि लड़के की बारात बहादुरगढ़ के लिए निकल चुकी है। इस पर लड़के के पिता से सम्पर्क किया गया और उन्हें लड़के के नाबालिग होने की सूचना मिलने के बारे में बताया। इस पर दुल्हे व उसके साथ गए अन्य बाराती बीच रास्ते में ही लाखन माजरा में अपने परिचित के यहां रुक गए। इसके बाद घर पर मौजूद अन्य परिजन उसके कागजात लेकर पहुंचे। उनमें लड़के की उम्र 19 वर्ष मिली और दुल्हन के परिजनों से भी उसकी उम्र जानी गई तो उसकी उम्र 21 वर्ष मिली। इस पर दूल्हा व उसके परिजन लाखनमाजरा से वापस लौटे और महिला थाने में स्थित बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय में पहुंचे। इस पर टीम ने लड़के व उसके अभिभावकों की काउंसि¨लग की और उन्हें समझाया कि वह लड़के के 21 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद ही उसकी शादी करें इसके बावजूद भी अगर आप नाबालिग लड़के की शादी करते हैं तो आप सभी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाही की जाएगी। इस पर परिवार सहमत हो गया तथा परिवार द्वारा महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध विभाग के अधिकारियों को लिखित में ब्यान दिया कि वह कानून की पालना करेंगे तथा लड़के की उम्र 21 वर्ष पूरी होने पर ही उसकी शादी करेंगे।
लड़के के पिता ने बताया कि वह दिहाड़ी-मजदूरी का कार्य करते हैं। उसका लड़का सातवीं तक पढ़ा लिखा है। उसके लड़के की दोस्ती फेसबुक के जरिये बहादुरगढ़ निवासी एक लड़की से हो गई। दोनों बच्चे शादी की जिद कर रहे थे इसलिए मजबूरी में वह ऐसा कर रहे थे। अब उन्होंने यह शादी स्थगित कर दी है। लड़के की उम्र 21 वर्ष पूरी होने पर ही उसकी शादी करेंगे।