जनवरी में पहली बार दिनभर खिली रही धूप, ठंड से मिली राहत
जिले में जनवरी में पहली बार वीरवार को दिनभर धूप खिली रही। जिससे ठंड में राहत मिली।
जागरण संवाददाता, जींद : जिले में जनवरी में पहली बार वीरवार को दिनभर धूप खिली रही। जिससे ठंड से राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान छह डिग्री रहा। इस माह पहले चार से आठ जनवरी तक और फिर 22 व 23 जनवरी को बारिश हुई। बाकी ज्यादातर दिनों में आसमान में बादल छाए रहे। जिससे किसान गेहूं की फसल में खरपतवारनाशक स्प्रे भी नहीं कर पा रहे थे।
वीरवार को जैसे ही सुबह धूप निकली। किसानों ने हाथ व ट्रैक्टर चालित स्प्रे मशीन से खरपतवारनाशक दवा का छिड़काव शुरू कर दिया। किसानों ने बताया कि खरपतवारनाशक स्प्रे का असर खिली धूप में ही छिड़काव करने से होता है। धूप नहीं निकल रही थी, जिससे वे स्प्रे का छिड़काव नहीं कर पा रहे थे और खरपतवार भी काफी बड़ी हो चुकी है। बारिश के बाद गेहूं की फसल में यूरिया खाद का भी छिड़काव किया जा रहा है। बहुत से किसानों को समय पर यूरिया नहीं मिल पाई। जिससे फसल में यूरिया डालने में देरी हुई। किसान राजेश, दीपक, सचिन ने बताया कि ये बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है। गेहूं की फसल में जहां सिचाई का खर्च बचा है, वहीं फुटाव भी अच्छा होगा।
कृषि विज्ञान केंद्र पांडू पिडारा से मौसम विशेषज्ञ डा. राजेश कुमार ने बताया कि मौसम परिवर्तनशील होने के चलते शुष्क रहेगा। लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के कारण पाला जम सकता है। अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है। हवा की गति 7.5 से 12.6 किलोमीर प्रति घंटा रह सकती है।