किसानों ने खटकड़ टोल पर बनाया पक्का मोर्चा
किसानों के धरने को लंबा चलता देखकर किसान भी अब उसी प्रकार से तैयारी करने में लगे हैं।
संवाद सूत्र, उचाना : किसानों के धरने को लंबा चलता देखकर किसान भी अब उसी प्रकार से तैयारी करने में लगे हैं। यहां पर गर्मी का मौसम देखते हुए काफी लंबे समय से लकड़ी के बांस लगा कर घास-फूस से झोपड़ी की तरह बड़ा टेंट यहां पर तैयार किया हुआ है। अब यहां पर पक्का मोर्चा बनाते हुए मिट्टी के साथ इसकी लिपाई भी कर दी है। तापमान बढ़ने पर यहां पर पंखे, कूलरों की व्यवस्था की तैयारी भी धरना स्थल ग्रुप कमेटी द्वारा की जा रही है। कोर कमेटी के बिजेंद्र सिधु, आजाद पालवां, सतबीर पहलवान ने बताया कि किसान मन बना चुका है कि वो तीनों कानूनों के रद होने के बाद ही घर जाएगा। हर वर्ग व धर्म से ताल्लुक रखता है किसान आंदोलन: नानूदीन हथो
संवाद सूत्र, नरवाना : विश्व मुस्लिम बोर्ड के राष्ट्रीय सचिव नानूदीन हथो ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो तीन कृषि कानून बनाएं हैं, ये कानून हर उस इंसान के लिए चाहे वो किसी जाति, धर्म या व्यवसाय से संबंध रखता हो, के लिए नुकसानदायक है। शुक्रवार को जारी ब्यान में कहा कि मुस्लिम समुदाय इस आंदोलन में किसानों के साथ है और जब तक ये कानून वापस नहीं होंगे, हम इनके साथ रहेंगे। इससे पहले खटकड़ टोल प्लाजा पर भी मुस्लिम समुदाय के लोग आंदोलन में शिरकत करते रहे हैं। शनिवार को बद्दोवाल टोल पर किसानों को समर्थन देकर आंदोलन में आहुति डालेंगे। उन्होंने समाज की हर जाति व धर्म के लोगों से अपील की कि वे किसान आंदोलन में भाग लें।