पीटीआइ की बहाली के लिए कर्मचारी संगठनों ने दी सामूहिक गिरफ्तारी
जागरण संवाददाता जींद सर्व कर्मचारी संघ और सभी शिक्षक संगठनों के आह्वान पर बर्खास्त पीटीअ
जागरण संवाददाता, जींद : सर्व कर्मचारी संघ और सभी शिक्षक संगठनों के आह्वान पर बर्खास्त पीटीआइ शिक्षकों के समर्थन में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक गिरफ्तारियां दी। जेल भरो आंदोलन में बर्खास्त पीटीआइ अध्यापकों ने परिवार सहित गिरफ्तारी दी। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामफल दलाल ने ऐलान किया कि बर्खास्त पीटीआइ की बहाली और नई भर्ती के लिए 23 अगस्त को रखे गए टेस्ट को रद्द करने की मांग को लेकर जेल भरो आंदोलन में अन्य विभागों के कर्मचारियों ने सैकड़ों की तादाद में गिरफ्तारी देकर आंदोलन के प्रति एकजुटता का प्रदर्शित किया है। हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति ने निर्णय लिया है कि इसके बाद भी सरकार ने बर्खास्त पीटीआइ की सेवाएं बहाल करने के विकल्पों पर गौर नहीं किया तो 18 अगस्त को सभी गांवों व कस्बों और शहरों में प्रदर्शन किए जाएंगे। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बलबीर सिंह ने पीटीआइ के क्रमिक अनशन एवं प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में रिक्त पदों के बारे में दी गलत जानकारी देने व कमजोर पैरवी करने की वजह से पीटीआइ सुप्रीम कोर्ट में केस हारे हैं। उन्होंने कहा कि अब सरकार इन निर्दोष बर्खास्त 1983 पीटीआइ की सेवा बहाली के सभी विकल्पों पर गंभीरता से विचार करने की बजाय अपने कृत्यों पर पर्दा डालने के लिए इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने में जुटी हुई है। इसीलिए पीड़ित पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की हुई है। जिस पर अंतिम फैसला आना बाकी है। जब तक सरकार ने नई भर्ती प्रक्रिया को रोकना चाहिए। हसला जिला प्रधान शमशेर नैन, शारीरिक शिक्षक संघ के राज्य उपप्रधान वजीर गांगोली, सीआईटीयू के जिला सचिव कपूर सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के रुपेंद्र गोयत, बिनैण खाप से रंगीराम, खेड़ा खाप के प्रधान सतबीर पहलवान, हजरस से सुभाष हालु व एसएफआइ व डीवाइएफआइ के छात्र नेताओं ने भी संबोधित किया और गिरफ्तारियां दी। बाद में जिला प्रशासन ने सभी कर्मचारियों व गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों को रिहा कर दिया। इस अवसर पर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान साधुराम, भूप सिंह वर्मा, संजीव सिगला, कलीराम, संजीव ढांडा, धर्मबीर भंभेवा, संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनिल मलिक, दिलबाग जाखड़, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के ऑडिटर राजबीर बेरवाल, जिला प्रधान रामफल दलाल मौजूद थे।