सक्षम और अन्य योजनाओं के नाम पर लुटाया जा रहा शिक्षा विभाग का बजट
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ आठ जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेगा।
जागरण संवाददाता, जींद : हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ आठ जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेगा। अक्षर भवन में हुई जिला केंद्र की मासिक बैठक में बोलते हुए संघ के जिला प्रधान साधुराम ने बताया कि अध्यापक संघ के पदाधिकारी जिले के अध्यापकों व विभिन्न विभागों के गैर शैक्षिक कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल करने के लिए संपर्क कर रहे हैं। जिला सचिव संजीव सिगला ने बताया कि अध्यापक संघ हड़ताल के दौरान होने वाले विभिन्न प्रदर्शनों व कार्रवाइयों में भाग लेगा। शिक्षा विभाग के गैर शैक्षिक कर्मचारी भी सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ हड़ताल में शामिल होंगे। राज्य कमेटी सदस्य कली राम ने बताया कि सरकार लगातार कर्मचारी विरोधी फैसले ले रही है। विभिन्न विभागों में निजीकरण की नीतियां जोर शोर से लागू की जा रही है। पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू नहीं किया जा रहा है। सक्षम व विभिन्न योजनाओं के नाम पर एनजीओ को शिक्षा विभाग का कीमती बजट लुटाया जा रहा है। जबकि स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। इस अवसर पर राज्य ऑडिटर वेदपाल रिढ़ाल, भूप सिंह वर्मा, कलीराम, संजीव सिगला, सत्येंद्र कुमार, महेंद्र गौतम, मामराज जांगड़ा, जितेंद्र कुमार, महिपाल सैन, रोहताश आसन, रोहताश सरोहा, ईश्वर सिंह, होशियार सिंह, रणधीर, हैप्पी मोर व निर्मला देवी मौजूद रहे।