चंडीगढ़ के लिए सीधे बस सर्विस शुरू, नियमों के फेर में उलझे चालक-परिचालक
जींद लंबे अर्से के बाद जींद से चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सर्विस शुरू हो गई। इ
जागरण संवाददाता, जींद : लंबे अर्से के बाद जींद से चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सर्विस शुरू हो गई। इससे यात्रियों को बहुत फायदा होगा। बुधवार को चंडीगढ़ के लिए सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर एक बस निकली, जिसमें करीब 30 यात्रियों सवार थे। इनमें 20 यात्री सीधे चंडीगढ़ जाने वाले थे। चंडीगढ़ कार्यालय की तरफ से जारी हुए पत्र के बाद चालक-परिचालक भी नियमों के फेर में उलझ गए हैं, क्योंकि हरियाणा में सभी 52 सीटों पर सवारी बैठाने के आदेश हैं तो वहीं चंडीगढ़ में केवल 50 प्रतिशत सीटों पर सवारी बैठाने के आदेश हैं। ऐसे में चालक-परिचालकों को समझ नहीं आ रहा कि किस तरह के व्यवस्था करें। लॉकडाउन से पहले जींद से चंडीगढ़ के लिए 8 बसें जाती थी लेकिन बुधवार को केवल एक बस ही भेजी गई। वीरवार से सुबह साढ़े 4 बजे और 9 बजकर 20 मिनट पर रोजाना बसें निकला करेंगी। पहले दिन चंडीगढ़ के लिए सीधे 20 यात्रियों ने सफर किया। इससे पहले यात्रियों को अगर चंडीगढ़ जाना होता तो उन्हें पहले पंचकूला जाना पड़ता था। उसके बाद चंडीगढ़ पहुंचना पड़ता था लेकिन अब यात्री सीधे ही चंडीगढ़ जा पाएंगे। जिरकपुर तक बस हर स्टापेज पर रूकेगी लेकिन जिरकपुर के बाद सीधे आईएसबीटी पर ही बसों के ब्रेक लगेंगे। पहले हर चौक पर बसें रूकती थी लेकिन अब सीधे बस अड्डे पर जाकर ही बसें रूकेंगी।
-----------------------------
दुविधा में चालक-परिचालक
चंडीगढ़ परिवहन विभाग ने बसों की एंट्री की अनुमति तो दे दी है लेकिन साथ ही शर्त रखी है कि बसों में 50 प्रतिशत सीटों पर यात्री हों। बसें सैनिटाइज हों, मुंह पर मास्क हो शारीरिक दूरी हो तथा हर यात्री के फोन में आरोग्य सेतू एप हो। इस तरह के नियमों का पालन करवाने में चालक-परिचालकों को परेशानी आना स्वाभाविक है। चंडीगढ़ की बस में 25 से ज्यादा यात्री होंगे तो परिचालक किस तरह से यात्रियों को बीच रास्ते उतारेगा। इससे परिचालक के साथ झगड़ा होने की भी संभावना बढ़ेगी।
--------------------------
आज से चलेंगी चंडीगढ़ की दो बसें : जीएम
जींद डिपो के जीएम बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि पहले दिन केवल एक बस को ही चंडीगढ़ भेजा गया। वीरवार से रोजाना दो बसें चंडीगढ़ जाया करेंगी। पहली बस सुबह साढ़े 4 बजे निकलेगी तो वहीं दूसरी बस 9 बजकर 20 मिनट पर जाएगी। कोविड नियमों का पालन करवाया जाएगा। चंडीगढ़ परिवहन के भी नियम माने जाएंगे।