राष्ट्रीय खेल प्रतिभाओं में छाए डीएवी के खिलाड़ी
डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पानीपत में हुई नेशनल खेल प्रतियोगिताओं शानदार प्रदर्शन किया। जिसमें पूरे देश से चार हजार से भी अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
जागरण संवाददाता, जींद : डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने पानीपत में हुई नेशनल खेल प्रतियोगिताओं शानदार प्रदर्शन किया। जिसमें पूरे देश से चार हजार से भी अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। डीएवी जींद की कुमारी दिव्या ने कुश्ती में हरियाणा, झारखंड और दिल्ली के खिलाड़ियों को हराकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। कराटे में वंशिका ने हिमाचल प्रदेश तथा उड़ीसा की लड़कियों को हराकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं टीम के रूप में डीएवी पब्लिक स्कूल जींद की लड़कियों ने बास्केटबॉल में अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश व गुजरात को हराकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिटन में कुमारी उन्नति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी व तीरंदाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया। डीएवी संस्थाओं के निदेशक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। स्कूल में पहुंचने पर प्रबंध समिति डॉ. कंवरसेन, प्रिसिपल रश्मि विद्यार्थी, वीरेंद्र लाठर, विजयपाल, जसबीर मलिक व मंजू परूथी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। स्कूल के चेयरमैन महेश चोपड़ा ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करने की घोषणा की।