पेट्रोल-डीजल पर जनता को लूट रही भाजपा सरकार : जेपी
पूर्व केंद्रीय पेट्रेालियम मंत्री जयप्रकाश जेपी ने कहा कि भाजपा सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता को लूट रही है। देश में ऐसी लूट पहले कभी नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, जींद : पूर्व केंद्रीय पेट्रेालियम मंत्री जयप्रकाश जेपी ने कहा कि भाजपा सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता को लूट रही है। देश में ऐसी लूट पहले कभी नहीं हुई। अब कांग्रेस पूरे देश में पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों व महंगाई के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी और जनता को जागरूक करेगी।
रविवार को जींद में लघु सचिवालय के सामने धरने पर बैठे बर्खास्त पीटीआई का समर्थन करने पहुंचे जयप्रकाश जेपी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा ने जनता को लूटने के लिए हर मोर्चे पर लूट मचा रही है। जब भी कांग्रेस या जनता इस पर सवाल उठाती है तो जवाब में उन्हें देशद्रोही कह दिया जाता है। या एक ही नारा होता है भारत माता की जय। जबकि असलियत यह है कि भाजपा ने भारत माता को खोखला कर दिया है। अब जनता के सामने भाजपा का कच्चा चिट्ठा खोला जाएगा। जेपी ने कहा कि सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए और मास्क लगाकर धरने दिए जाएंगे। जेपी ने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब कच्चे तेल का भाव 160 डॉलर प्रति बैरल था और देश में डीजल का भाव 50 रुपये लीटर था। जबकि आज कच्चे तेल का भाव 29 डॉलर प्रति बैरल है और हरियाणा में डीजल 72 रुपये व दिल्ली में 81 रुपये प्रति लीटर है। जनता खुद ही अंदाजा लगा ले कि किस स्तर पर लूट मचाई जा रही है। बरोदा उपचुनाव पर जेपी ने कहा कि चुनाव मैदान में जंगी घोड़े उतरेंगे तो भाजपा कहीं नहीं दिखेगी। यह चुनाव कांग्रेस एकतरफा बड़े मार्जिन से जीतेगी।