नागरिकता कानून पड़ोसी देशों के पीड़ित अल्पसंख्यकों को देगा नागरिकता: बचन सिंह आर्य
भाजपा नेता बचन सिंह आर्य ने कहा कि सीएए व एनआरसी कानून देशहित में है। इस कानून से किसी को कोई नुकसान होने वाला नहीं है।
संवाद सूत्र, सफीदों : भाजपा नेता बचन सिंह आर्य ने कहा कि सीएए व एनआरसी कानून देशहित में है। इस कानून से किसी को कोई नुकसान होने वाला नहीं है। बुधवार को नगर के आर्य सदन में कार्यकर्ताओं की बैठक में बचन सिंह आर्य ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लागू किया नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) वर्तमान में देश के लिए बेहद जरूरी है। एनआरसी लागू होने से देश में रह रहे मुस्लिमों और अन्य अल्पसंख्यकों को घबराने की जरूरत नहीं है। यह कानून केवल दूसरे देशों से आने वाले अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने से संबंधित है। इस कानून से देश में रह रहे किसी देशवासी की नागरिकता को किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है।
बॉक्स..
व्यापारियों ने कहा, सफीदों को गोहाना में शामिल न किया जाए
सब्जी मंडी के व्यापारियों ने पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य से मिलकर नया जिला बन रहे गोहाना में सफीदों विधानसभा क्षेत्र को शामिल न करवाने की गुहार लगाई। व्यापारियों ने आर्य से कहा कि सफीदों को गोहाना में शामिल ना होने दिया जाए। दुकानदारों का कहना था कि गोहाना से सफीदों को कोई संपर्क नहीं है। सफीदों विधानसभा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति गोहाना में शामिल होने का पक्षधर नहीं है। आर्य ने कहा कि गोहाना को जिला बनाने को लेकर अभी सिर्फ प्रपोजल मांगा गया है। गोहाना जिला बनता भी है तो सफीदों को उसमें शामिल किए जाने जैसी कोई बात नहीं है। इस मौके पर सुभाष कश्यप, राकेश कश्यप, भीम सिंह प्रजापत, मदन गोयल, घनश्याम दास, टेकचंद, सोनू, अनिल जैन, दिलवाग कश्यप, बनी सिंह, कर्मचंद गोयल, बलवान सिंह, राजेश अरोड़ा व जय भगवान सैनी सहित काफी तादाद में लोग मौजूद थे।