देशहित में है नागरिकता संशोधन कानून : ढुल
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलाना के मेन बाजार में सीएए के समर्थन में प्रदर्शन करके लोगों को जागरूक किया।
संवाद सूत्र, जुलाना: भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलाना के मेन बाजार में सीएए के समर्थन में प्रदर्शन करके लोगों को जागरूक किया। पूर्व विधायक परमेंद्र ढुल के नेतृत्व में यह प्रदर्शन पुराने बस स्टैंड से लेकर बाजार में होते हुए पुरानी अनाज मंडी तक किया गया। लोगों को संबोधित करते हुए परमेंद्र ढुल ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल देश हित में है। सभी देशवासियों को बिल का समर्थन करना चाहिए। विपक्ष लोगों को गुमराह करने का काम कर रहा है। नागरिकता बिल किसी की नागरिकता छीनने का बिल नहीं है, बल्कि स्थायी नागरिकता देने का बिल है। बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हुए लोगों को नागरिकता देने के लिए बिल में संशोधन किया है। निगरानी कमेटी के संयोजक सतीश सांगवान ने कहा कि 2014 के बाद आए लोगों को स्थाई नागरिकता देने के लिए बिल में संसोधन किया गया है। बिल में केवल समय अवधि बढ़ाई गई है। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश दलाल, धर्मराज शर्मा, सुखदीप बुआना, नरेश, सुभाष सैन, वजीर सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।