CM बोले- मन्नै चार साल म्ह कदे साइन नहीं करे, हुड्डा भतेरे साइन करग्या, जेल जावैगा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान एेसा वाकया हुआ कि सीएम को कुछ एेसी बात कहनी पड़ी।
जेएनएन, जींद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान 80 वर्षीय सुखलाल ने उन्हें एक कागज थमाया और साइन करने की मांग की। बुजुर्ग की इच्छा थी कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना चाहता है, इसलिए कागज पर मुख्यमंत्री के साइन करवा रहा था।
बताया यह भी जा रहा है कि वह पौत्र की नौकरी लगवाने की बात कह रहा था। इस पर मनोहर लाल ने कहा कि मन्नै चार साल म्ह कदे साइन नहीं करे, हुड्डा भतेरे साइन करग्या, जेल म्ह जावैगा। मैं साइन नहीं कर्या करदा। यह कहते हुए मुख्यमंत्री ने कागज अपने स्टाफ को पकड़ा दिए।
इससे नाराज बुजुर्ग ने अपने कागज वापस मांग लिए। साथ ही सीएम से सवाल किया कि आप नहीं करते तो फेर साइन कूण करैगा। इस पर सीएम ने कहा कि अधिकारी साइन करेंगे। तब बुजुर्ग को शांत करने के लिए डीसी ने कागज पर साइन किए।
मुख्यमंत्री ने जिले में 12 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर 46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। फिलहाल 750 नए डॉक्टर हर साल प्रदेश को मिल रहे हैं। अगले कुछ वर्षों में इस संख्या को बढ़ाकर दो हजार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।