पौधरोपण करके प्रकृति को रख सकते हैं सुंदर
परमात्मा ने सुंदर प्रकृति बनाई है लेकिन इंसान ने पर्यावरण को संरक्षित न करके इसके प्रदूषित कर दिया है। पर्यावरण को संरक्षित रखने में पेड़ पौधों का अहम योगदान होता है।
जागरण संवाददाता, जींद
परमात्मा ने सुंदर प्रकृति बनाई है, लेकिन इंसान ने पर्यावरण को संरक्षित न करके इसके प्रदूषित कर दिया है। पर्यावरण को संरक्षित रखने में पेड़ पौधों का अहम योगदान होता है। पेड़-पौधे हमें आक्सीजन देते हैं और खाद्य, जल एवं आहार श्रृंखला को आगे बढ़ाने में भी बड़ा योगदान होता है। पर्यावरण की गोद में सुंदर फूल, लताएं, हरे-भरे पौधे, चहचहाते पक्षी सुंदर लगते हैं। यह सुंदरता तभी होगी, जब हम पौधरोपण करके पर्यावरण को संरक्षित रखेंगे। समाज में काफी लोग पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अहम रोल अदा कर रहे हैं। ये लोग पर्यावरण प्रहरी बनकर न केवल पौधे रोपित कर रहे हैं, बल्कि लोगों को भी जागरूक करने में लगे हुए हैं। दैनिक जागरण ने आओ रोपें, अच्छे पौधे अभियान के तहत ऐसे कुछ लोगों से बातचीत की..
पर्यावरण प्रेमी बिट्टू कंडेला ने कहा कि वे डेढ़ साल से एक पौधा एक परिवार अभियान चलाए हुए हैं। इस अभियान के तहत लोगों को जागरूक करके करीब डेढ़ हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। ये पौधे अगले पांच-सात साल में पेड़ बन जाएंगे, जो पर्यावरण को संरक्षित रखेंगे। हर आदमी परिवार में खुशी के मौके पर एक पौधा लगाए तो पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखा जा सकता है।
पर्यावरण प्रेमी संदीप ने कहा कि वे अपने युवा साथियों के साथ हर साल मानसून में फलदार पौधों को रोपित कर रहे है। अब तक सैकड़ों पौधे अलग-अलग जगह लगा चुके हैं। फलदार पौधे लगाना पसंद है। फलदार पौधे ऑक्सीजन के साथ फल भी देते हैं। हर आदमी अपने घर के आंगने में या बाहर जामुन, आम, अमरूद के फलदार पौधे लगाए तो लोगों को भूखा मरने से बचा सकते हैं।