शहीदों की बदौलत ले रहे खुली हवा में सांस : डॉ. विद्यार्थी
डीएवी स्कूल में शनिवार को गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस मौके पर डीएवी संस्थाओं के क्षेत्रीय निदेशक और डीएवी स्कूल के प्राचार्य डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने तिरंगा फहराया।
जागरण संवाददाता, जींद : डीएवी स्कूल में शनिवार को गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस मौके पर डीएवी संस्थाओं के क्षेत्रीय निदेशक और डीएवी स्कूल के प्राचार्य डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने तिरंगा फहराया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. विद्यार्थी ने कहा कि जिन वीर शहीदों की शहादत से आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उनके शौर्य का इतिहास भारत की भूमि पर पग-पग में अंकित है। इसलिए गणतंत्र दिवस का पर्व हम आत्म गौरव और सम्मान के प्रतीक के रूप में मनाते हैं। डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर्व हमें उन शहीदों व देशभक्तों का स्मरण कराते हैं, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता, गौरव और इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। गणतंत्र दिवस सभी भारतीयों के अंदर हर्ष एवं नवीन चेतना का संचार करता है। यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है कि अमर शहीदों के बलिदानों को हम नहीं भूलेंगे और अपने देश की रक्षा, गौरव और उत्थान के लिए सदा समर्पित रहेंगे। डॉ. विद्यार्थी ने विभिन्न खेलों व प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।